दुर्ग/छत्तीसगढ़
हाइलाइट बॉक्स
ग्रीन चौक दुर्ग में वाहन चेकिंग के दौरान मोहन नगर पुलिस ने खुद को बीएसएफ का जवान बताकर घूम रहे एक युवक को पकड़ा है। आरोपी के पास से फर्जी बीएसएफ पहचान पत्र बरामद हुआ है और वह जिस कार में घूम रहा था, उसके सामने अंग्रेजी में ‘Police’ लिखा हुआ था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वाहन चेकिंग के दौरान बढ़ा शक
शनिवार को थाना मोहन नगर क्षेत्र अंतर्गत ग्रीन चौक पर सहायक उप निरीक्षक अपनी पेट्रोलिंग टीम के साथ नियमित वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिंधिया नगर की ओर से आ रही सफेद रंग की डिजायर कार क्रमांक CG 07 CR 9095 को रोककर जांच की गई। कार के सामने ‘Police’ लिखा देख पुलिस को संदेह हुआ। पूछताछ में चालक ने स्वयं को बीएसएफ में पदस्थ जवान बताया और पहचान के तौर पर बीएसएफ का आईडी कार्ड प्रस्तुत किया।
पूछताछ में फर्जी पहचान उजागर
वाहन चालक ने अपना नाम सिमरनजीत सिंह पिता स्व. कुलवंत सिंह, उम्र 31 वर्ष, निवासी सुंदरनगर मीराकोट चौक एयरपोर्ट रोड, थाना कम्बोज, जिला अमृतसर (पंजाब) बताया। उसने वर्तमान में सिंधिया नगर दुर्ग में किराए के मकान में रहना भी बताया। आईडी कार्ड की बारीकी से जांच करने पर उसमें कई तकनीकी खामियां पाई गईं। कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी गोलमोल जवाब देने लगा, जिसके बाद पुष्टि हुई कि उसके पास मौजूद बीएसएफ पहचान पत्र पूरी तरह कूटरचित है।
लोक सेवक का प्रतिरूपण, जांच का दायरा बढ़ा
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिस डिजायर कार में आरोपी घूम रहा था, वह अमरजीत कौर के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने लोक सेवक का प्रतिरूपण कर स्वयं को बीएसएफ जवान के रूप में प्रस्तुत किया और फर्जी दस्तावेजों का उपयोग किया। यह कृत्य भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 204 एवं 319(2) के अंतर्गत अपराध है। आरोपी को हिरासत में लेकर थाना मोहन नगर लाया गया है और मामले की सूचना संबंधित मजिस्ट्रेट को भेज दी गई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी कब से फर्जी पहचान के सहारे घूम रहा था और कहीं उसने किसी अन्य वारदात को अंजाम तो नहीं दिया।


