21.2 C
Raipur
Monday, March 23, 2026

विस्फोट 10 की मौत , कई घायल अमित शाह ने अस्पताल जाकर घायलों से की मुलाकात , NIA-NSG ने संभाली जांच…

HomeNationalविस्फोट 10 की मौत , कई घायल अमित शाह ने अस्पताल जाकर...

Date:

लाल किले के पास रविवार शाम हुआ भीषण धमाका , 10 लोगों की मौत और कई घायल । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकनायक अस्पताल जाकर घायलों से मुलाकात की । पीएम मोदी ने स्थिति की जानकारी ली और मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की । NSG और NIA की टीमें मौके पर जांच में जुटीं ।

दिल्ली/ रविवार शाम करीब 7 बजे दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर एक हुंडई i20 कार में जोरदार विस्फोट हुआ । धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई । चश्मदीदों ने बताया कि “धमाके की गूंज कई मीटर दूर तक सुनाई दी और सड़क पर अफरा-तफरी मच गई ।” हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है जबकि कई घायल बताए जा रहे हैं । आसपास खड़े वाहनों को भी नुकसान पहुंचा है ।

विस्फोट के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मौके की जानकारी ली और दिल्ली पुलिस व विशेष शाखा अधिकारियों से बात की । देर रात वे लोकनायक अस्पताल पहुंचे जहां उन्होंने घायलों का हाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए । अमित शाह ने कहा , “दिल्ली में लाल किले के पास हुए विस्फोट की गहन जांच की जा रही है । NSG , NIA और FSL की टीमें घटनास्थल पर हैं । किसी भी संभावना को नज़रअंदाज़ नहीं किया जाएगा । हर पहलू से जांच कर सच सामने लाया जाएगा ।” दिल्ली के पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा सहित क्राइम ब्रांच और स्पेशल ब्रांच की टीमें भी देर रात तक घटनास्थल पर मौजूद रहीं ।

विस्फोट की जानकारी मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की और स्थिति का जायजा लिया । उन्होंने ट्वीट कर कहा , “आज शाम दिल्ली में हुए विस्फोट में अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं । घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं । प्रभावित लोगों की सहायता अधिकारी कर रहे हैं ।” सरकार ने मृतकों के परिवारों को सहायता राशि देने की घोषणा की है और अस्पताल प्रशासन को घायलों के निशुल्क इलाज के निर्देश दिए गए हैं ।

विस्फोट के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA और राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड NSG की बम निरोधक टीमें मौके पर पहुंचीं । फॉरेंसिक विशेषज्ञों FSL के साथ मिलकर उन्होंने घटनास्थल की बारीकी से जांच की । आसपास के सभी CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि विस्फोट के कारणों और संदिग्ध गतिविधियों का पता लगाया जा सके । अधिकारियों ने बताया कि धमाके की प्रकृति को देखते हुए आतंकी साजिश या तकनीकी खराबी दोनों ही पहलुओं पर विचार किया जा रहा है । प्रारंभिक रिपोर्ट से संकेत मिला है कि धमाका “लो-इंटेंसिटी विस्फोटक” से हुआ हो सकता है , हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी ।

घटनास्थल पर मौजूद एक ऑटो चालक ने बताया , “मैं लाल किले मेट्रो स्टेशन के पास यात्रियों को उतार ही रहा था कि जोरदार धमाका हुआ । देखते ही देखते चारों तरफ धुआं छा गया और लोग भागने लगे ।” एक अन्य राहगीर ने कहा , “धमाके के बाद कई लोग घायल होकर सड़क पर गिर गए । आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और घायलों को अस्पताल भेजा गया ।”

सुरक्षा घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने सभी भीड़भाड़ वाले इलाकों , मॉल , मेट्रो स्टेशन और ऐतिहासिक स्थलों की सुरक्षा बढ़ा दी है । सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट पर रखा गया है । दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि “शहर में सभी थानों को हाई-अलर्ट पर रखा गया है और संदिग्ध वाहनों की जांच तेज कर दी गई है ।”

ख़बरें और भी…

स्वतंत्र छत्तीसगढ़
स्वतंत्र छत्तीसगढ़https://swatantrachhattisgarh.com
(संपादक) इस साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री ( समाचार / फोटो / विडियो आदि ) शामिल होगी । स्वतंत्र छत्तीसगढ़ इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। स्वतंत्र छत्तीसगढ़ में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता / खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, स्वतंत्र छत्तीसगढ़ या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नहीं होगी. सभी विवादों का न्याय क्षेत्र रायपुर होगा ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related