स्वतंत्र छत्तीसगढ़ डिजिटल डेस्क
हाइलाइट :
ग्राम हसौद में एक मासूम छात्र पर उसी के परिचितों ने बेरहमी से किया हमला । स्कूल से लौटते वक्त हुई वारदात से गांव में दहशत का माहौल , घायल बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है ।

हसौद जिला सक्ति । ग्राम हसौद में शनिवार को हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया । सरस्वती शिशु मंदिर हसौद में कक्षा छठवीं में पढ़ने वाला 12 वर्षीय छात्र शाहिल साहू उस वक्त खून से लथपथ हो गया जब उसके ही परिचितों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया । गंभीर रूप से घायल शाहिल को तुरंत ग्रामीणों की मदद से घर लाया गया और बाद में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार , पीड़ित छात्र की मां श्रीमती द्रौपदी साहू ने हसौद थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है । रिपोर्ट में बताया गया है कि दिनांक 8 नवंबर 2025 को शाहिल रोज़ की तरह सुबह विद्यालय गया था । दोपहर लगभग 1145 बजे स्कूल से निकलने के बाद वह नकटा पार तालाब के पास पहुंचा , जहां ग्राम हसौद निवासी गोकुल साहू अपने साथी सागर उर्फ बदले के साथ मौजूद था ।
रिपोर्ट के मुताबिक , गोकुल ने शाहिल से कहा कि “आंख बंद करो , तुम्हारे लिए एक सरप्राइज है ।” मासूम ने जैसे ही आंखें बंद कीं , तभी गोकुल ने उस पर धारदार चाकू से एक के बाद एक दो-तीन वार कर दिए । पास खड़े सागर ने भी गोकुल का साथ दिया । हमले में शाहिल के गले और हाथ में गहरी चोटें आईं , जिससे वह वहीं गिर पड़ा ।

घायल शाहिल किसी तरह मदद के लिए चिल्लाने लगा , तभी वहां से गुजर रहे ग्रामीण यशवंत पटेल ने उसे देखा और तत्काल खून से सने बच्चे को उठाकर उसके घर पहुंचाया । बच्चे की हालत देखकर मां द्रौपदी साहू के होश उड़ गए । उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और हसौद थाना में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई ।
सूचना मिलते ही हसौद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है । फिलहाल घायल छात्र का इलाज चल रहा है , और गांव में इस घटना को लेकर भय और आक्रोश का माहौल है । ग्रामीणों का कहना है कि “ऐसी नृशंस घटना ने गांव की शांति को हिला दिया है , पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए ।”
ख़बरें और भी…


