स्वतंत्र छत्तीसगढ़ न्यूज़
हाइलाइट :
कार्यक्रम स्थल- मायाराम सुरजन हाल , रजबंधा मैदान , रायपुर | समय – शाम 5 बजे से डायरेक्टर रेणुपाल | संस्थापिका – वीणा राउत | अतिथि गायक- जलन सागर , सुखबीर सिंह ब्रोका भिलाई | मंच संचालन – समाजसेवी लक्ष्मीनारायण लाहोटी | विशेष आकर्षण – ओपन माइक सत्र .
रायपुर में गूंजे सुरों के तराने , आर वी म्यूजिकल ग्रुप की शानदार पहली प्रस्तुति रायपुर: शहर के संगीत प्रेमियों के लिए गुरुवार की शाम सुरमयी यादों से भर गई , जब आर वी म्यूजिकल ग्रुप ने अपनी पहली भव्य प्रस्तुति से दर्शकों का दिल जीत लिया । मायाराम सुरजन हाल में आयोजित इस कार्यक्रम का निर्देशन रेणुपाल ने किया , जबकि समूह की संस्थापिका वीणा राउत ने इसे समाज में संगीत के प्रसार की दिशा में एक नई शुरुआत बताया । कार्यक्रम में स्थानीय और बाहरी कलाकारों ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया । मंच पर जैसे-जैसे गीतों की धुन बिखरती गई , पूरा हाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा ।
ओपन माइक सत्र बना आकर्षण का केंद्र :शाम 5 से 6 बजे तक आयोजित ओपन माइक सत्र में स्थानीय गायकों और संगीत प्रेमियों ने अपने पसंदीदा गीत प्रस्तुत किए । इस सत्र ने न केवल कार्यक्रम की शुरुआत को जोश से भर दिया , बल्कि नए प्रतिभाशाली कलाकारों को मंच देने का अवसर भी प्रदान किया । आयोजकों ने बताया कि यह सत्र युवाओं में आत्मविश्वास और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के लिए रखा गया था ।
( मायाराम सुरजन हाल के मंच पर प्रस्तुति देते हुवे पंचमी सेंद्रे और संजय सिंग )
अतिथि गायकों ने समां बांधा : कार्यक्रम में अतिथि गायक जलन सागर और सुखबीर सिंह ब्रोका भिलाई ने अपनी सुरीली आवाज से ऐसा जादू बिखेरा कि दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए । कार्यक्रम का संचालन समाजसेवी लक्ष्मीनारायण लाहोटी ने अपनी ऊर्जावान और जीवंत शैली में किया , जिससे पूरे हाल का माहौल उत्साह और उमंग से भर गया ।
संगीत से सजा सांस्कृतिक रंगमंच : कार्यक्रम में शहर के कई संगीतप्रेमी , सामाजिक कार्यकर्ता और कलाकार बड़ी संख्या में मौजूद रहे । श्रोताओं का कहना था कि ऐसे आयोजन न केवल मनोरंजन का माध्यम हैं , बल्कि रायपुर की सांस्कृतिक पहचान को और अधिक समृद्ध करते हैं । अनुमान है कि हाल पूरी तरह भरा रहा और हर प्रस्तुति पर दर्शक तालियों की गूंज से कलाकारों का उत्साह बढ़ाते रहे ।
ख़बरें और भी…


