रायपुर / स्वतंत्र छत्तीसगढ़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क
हाइलाइट :
- राष्ट्रपति मुर्मू ने छत्तीसगढ़, हरियाणा, मध्य प्रदेश, केरल, कर्नाटक सहित कई राज्यों को दी बधाई
- “इन सभी क्षेत्रों ने भारत की प्रगति में दिया उल्लेखनीय योगदान” — राष्ट्रपति मुर्मू
- उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सीएम नायब सैनी और सीएम विष्णुदेव साय ने भी दी शुभकामनाएं
- ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को साकार करने की अपील
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को देश के कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को उनके स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि भारत की एकता, संस्कृति और प्रगति में इन सभी प्रदेशों का योगदान अत्यंत उल्लेखनीय है। राष्ट्रपति ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) पोस्ट में लिखा — “आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पंजाब और पुडुचेरी के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई! इन सभी क्षेत्रों ने भारत की प्रगति में उल्लेखनीय योगदान दिया है। ईश्वर करे कि ये राज्य और केंद्र शासित प्रदेश अपनी विकास यात्रा में निरंतर नए आयाम स्थापित करते रहें। मैं इन सभी प्रदेशवासियों की निरंतर समृद्धि और कल्याण के लिए अपनी हार्दिक शुभकामनाएँ देती हूं।” राष्ट्रपति मुर्मू का यह संदेश देश के विभिन्न हिस्सों में विकास और सद्भाव की भावना को सशक्त करने वाला माना जा रहा है।
अन्य नेताओं की शुभकामनाएं:
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने एक्स पोस्ट में लिखा, “आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, हरियाणा, कर्नाटक, दिल्ली, तमिलनाडु, पंजाब, चंडीगढ़, अंडमान और निकोबार, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, केरल और मध्य प्रदेश के लोगों को स्थापना दिवस पर बधाई।” उन्होंने कहा कि इन प्रदेशों ने भारत के सामाजिक और आर्थिक विकास में अमूल्य योगदान दिया है।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने हरियाणा दिवस के अवसर पर एक्स पर लिखा, “यह दिन हमारे गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति और परिश्रमी जनता की अदम्य ऊर्जा का प्रतीक है। हरियाणा की यह वीरभूमि साहस, समर्पण और मेहनत की मिसाल रही है, जहां किसानों ने अन्न के भंडार भरे, खिलाड़ियों ने विश्व पटल पर तिरंगा लहराया और वीर जवानों ने देश की सीमाओं की रक्षा में अद्वितीय शौर्य दिखाया।” उन्होंने आगे कहा कि हरियाणा आज केवल परिश्रम की धरती नहीं, बल्कि प्रगति, शिक्षा, खेल और औद्योगिक विकास का अग्रदूत बन चुका है।
यह भी पढ़ें : राज्योत्सव की रजत जयंती पर रायपुर पहुंचे पीएम मोदी…
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी एक्स पर संदेश साझा करते हुए लिखा, “छत्तीसगढ़, हरियाणा, केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु एवं पंजाब के स्थापना दिवस पर सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ सभी प्रदेश विकास, समृद्धि और खुशहाली के नित नए कीर्तिमान रचें, यही ईश्वर से कामना है।”
वहीं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भी छत्तीसगढ़ समेत हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप के स्थापना दिवस पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, “आप सभी प्रदेश निरंतर समृद्धि, सद्भाव और विकास के नए आयाम स्थापित करें, यही मेरी मंगलकामना है। आइए, हम सब स्वदेशी को अपनाकर, आत्मनिर्भरता को जीवन का संकल्प बनाएं और माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने में सहभागी बनें।”
देश में विकास और एकता की भावना:
स्थापना दिवस के इस अवसर पर पूरे देश में एकता, प्रगति और नवाचार की भावना देखने को मिली। सभी राज्यों के नेताओं ने एक स्वर में भारत को ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य की ओर ले जाने का संकल्प दोहराया। विभिन्न राज्यों में सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियां और विकास प्रदर्शनी भी आयोजित की गईं, जो भारत की विविधता और समरसता का प्रतीक बनीं।
खबरे और भी…


