रायपुर / स्वतंत्र छत्तीसगढ़ डिजिटल न्यूज़ डेस्क
हाइलाइट :
- छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के 25 वर्ष पूरे, रजत जयंती समारोह की भव्य तैयारी
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रायपुर में करेंगे कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शुभारंभ
- नवा रायपुर बनेगा नई पहचान का प्रतीक — विधानसभा भवन और ट्राइबल म्यूजियम होंगे आकर्षण का केंद्र
रायपुर। छत्तीसगढ़ आज अपने राज्योत्सव की रजत जयंती मना रहा है। राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर नवा रायपुर में भव्य समारोह का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस ऐतिहासिक अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। उनका यह दौरा छत्तीसगढ़ के विकास, संस्कृति और नई पहचान के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
प्रधानमंत्री मोदी विशेष विमान से रायपुर पहुंच चुके हैं, जहां विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मरिपुर एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से निकलने के बाद प्रधानमंत्री सबसे पहले सत्य साईं हॉस्पिटल पहुंचे, जहां उन्होंने “दिल की बात” कार्यक्रम में भाग लिया। इसके बाद पीएम मोदी ब्रह्माकुमारी संस्थान के विशेष आयोजन में पहुंचे और आध्यात्मिक संवाद में हिस्सा लिया।
राज्योत्सव के इस खास दिन दोपहर बाद प्रधानमंत्री मोदी नवा रायपुर स्थित नए विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। यह आधुनिक भवन राज्य की लोकतांत्रिक परंपरा और गर्व की पहचान को और सशक्त करेगा। इसके साथ ही वे ट्राइबल म्यूजियम का भी उद्घाटन करेंगे, जो छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, कला और परंपराओं को विश्व पटल पर नई पहचान दिलाने का कार्य करे
प्रधानमंत्री का संदेश:
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स (ट्विटर) पर संदेश साझा करते हुए लिखा, “छत्तीसगढ़ के अपने सभी भाई-बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की 25वीं वर्षगांठ की अनेकानेक शुभकामनाएं। प्रकृति और संस्कृति को समर्पित यह प्रदेश आज प्रगति के नित-नए मानदंड गढ़ने में जुटा है। कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहे यहां के कई इलाके आज विकास की प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं। मुझे भरोसा है कि यहां के मेहनती और हुनरमंद लोगों की लगन और उद्यम से यह राज्य विकसित भारत के विजन को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगा।”
राज्योत्सव में रजत जयंती का उत्साह:
रायपुर से लेकर बस्तर, बिलासपुर, सरगुजा तक राज्योत्सव की रौनक फैली हुई है। राजधानी नवा रायपुर में विशाल सांस्कृतिक मंच तैयार किया गया है, जहां छत्तीसगढ़ी लोककला, नृत्य और संगीत की झलक देखने को मिलेगी। स्थानीय कलाकारों के प्रदर्शन के साथ राज्य के विकास की झांकी भी प्रदर्शित की जाएगी।
राज्य की प्रगति की नई दिशा:
पिछले 25 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने कृषि, खनिज, स्वास्थ्य, शिक्षा और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। नवा रायपुर को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां नई विधानसभा, प्रशासनिक भवन और सांस्कृतिक केंद्र राज्य के गौरव का प्रतीक बनेंगे। प्रधानमंत्री मोदी की यह यात्रा “विकसित भारत 2047” के दृष्टिकोण को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
खबरे और भी…


