कोरबा/ स्वतंत्र छत्तीसगढ़ डिजिटल डेस्क
कोरबा। छत्तीसगढ़ अखबार वितरक संघ द्वारा मंगलवार को देश के पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की जयंती एवं अखबार वितरक दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर संघ के पदाधिकारी और सदस्य टीपी नगर स्थित कार्यालय में एकत्र हुए, जहां डॉ. कलाम के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके प्रेरणादायी जीवन को नमन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सदस्यों ने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर आनंद साझा किया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन संघर्ष, सादगी और समर्पण का अद्भुत उदाहरण है। उन्होंने साधारण परिवार से उठकर भारत को मिसाइल शक्ति के रूप में पहचान दिलाई और जनता के राष्ट्रपति के रूप में देशवासियों के हृदय में अमिट छाप छोड़ी।
संघ के प्रदेश अध्यक्ष पदम सिंह चंदेल ने कहा कि “डॉ. कलाम ने यह सिद्ध किया कि सच्ची लगन और मेहनत से कोई भी व्यक्ति देश और समाज के लिए मिसाल बन सकता है।”
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष विपेन्द्र कुमार साहू, जिला सचिव जय कुमार नेताम, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी राठौर, रामा तपेश्वर राठौर, राय सिंह, अनिल गिरी, कृष्णा निर्मलकर, रामा और दिलीप यादव सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सदस्यों ने देश निर्माण में अखबार वितरकों की भूमिका पर चर्चा की और समाज में जनजागरूकता बढ़ाने के संकल्प के साथ दिवस का समापन किया।
खबरें और भी…फॉलो करना न भूलें।


