रायगढ़ /स्वतंत्र छत्तीसगढ़
रायगढ़। जिले में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार यात्री बस ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें बाइक सवार ग्रामीण की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 6 बजे धरमजयगढ़-कापू मार्ग पर मिरीगुड़ा गांव के पास हुई। वासुदेव ट्रैवल्स की यात्री बस (क्रमांक CG 13 BB 8087) के चालक ने तेज और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रहे बाइक सवार दंपत्ति को कुचल दिया। हादसे में पति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी को गंभीर हालत में पहले नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां स्थिति नाजुक होने पर उसे रायगढ़ रिफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि बस केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड से 40 से अधिक यात्रियों को लेकर अंबिकापुर जा रही थी। इसी दौरान मिरीगुड़ा के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया। मृतक और घायल महिला दोनों कापू क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


