स्वतंत्र छत्तीसगढ़
रायपुर, 21 सितम्बर 2025—भारतीय क्रिकेट प्रशासन में छत्तीसगढ़ के लिए एक और ऐतिहासिक पल आने वाला है। प्रदेश के प्रभतेज भाटिया, जो बीसीसीआई (भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड) के कोषाध्यक्ष पद संभाल चुके हैं, अब लगभग तय है कि बोर्ड के ज्वाइंट सेक्रेटरी की जिम्मेदारी उठाएंगे। इसका औपचारिक ऐलान 28 सितम्बर को नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ किया जाएगा।
यदि यह जिम्मेदारी उन्हें मिलती है तो भाटिया छत्तीसगढ़ से पहले ऐसे शख्स होंगे, जिन्होंने बीसीसीआई के दो शीर्ष पदों पर कार्य किया होगा। ज्वाइंट सेक्रेटरी का पद बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि अंडर-19 टीम और भारतीय महिला क्रिकेट टीमों के चयन की प्रक्रिया इसी पद के अधीन आती है।
प्रदेश के खेल प्रेमियों में इस खबर से उत्साह का माहौल है। माना जा रहा है कि भाटिया की भूमिका से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय टीम तक पहुंचना और आसान होगा। पिछले कुछ वर्षों में छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के नेतृत्व में टीमों का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। हाल ही में प्रदेश के दो खिलाड़ियों का चयन दिलीप ट्रॉफी के लिए हुआ और मध्य क्षेत्र ने पहली बार यह खिताब अपने नाम किया।
बीसीसीआई की नई टीम में अध्यक्ष दिल्ली के मिथुन मन्हास होंगे, उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, सचिव असम के सैकिया, कोषाध्यक्ष रघुराम भट और आईपीएल चेयरमैन के रूप में अरुण धूमल अपनी भूमिका जारी रखेंगे। इस टीम में प्रभतेज भाटिया का ज्वाइंट सेक्रेटरी बनना न सिर्फ प्रदेश की बढ़ती हैसियत को दर्शाता है, बल्कि क्रिकेट जगत में छत्तीसगढ़ की नई पहचान भी स्थापित करेगा।
रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे प्रदेश के क्रिकेट जगत में यह खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। अब सभी की निगाहें 28 सितम्बर पर टिकी हैं, जब यह ऐलान प्रदेश क्रिकेट को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाला साबित हो सकता है।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509 (विज्ञापन एवं न्यूज़ के लिए संपर्क :(94252-44276)


