स्वतंत्र छत्तीसगढ़
रायपुर: 20 सितम्बर 2025— राजधानी के मोहबा बाजार स्थित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर रविवार को क्षेत्रवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग दुकान के सामने इकट्ठा हुए और “शराब भट्टी हटाना है, क्षेत्र को स्वच्छता बनाना है” जैसे नारे लगाए। मौके पर किसी अप्रिय घटना को रोकने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि दो वर्ष पूर्व जनविरोध के चलते मारुति स्काई के सामने से इस दुकान को हटाया गया था, लेकिन अब इसे दोबारा उसी स्थान पर खोल दिया गया है। इसके चलते मारुति विहार कॉलोनी, श्रीजी टॉवर, मारुति हाईट, मारुति कुंज, शांति विहार, महंत तालाब कृष्णा नगर, ज्योति नगर, शिवाजी नगर, राजू नगर, डूमर तालाब और कुकुरबेड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के नागरिक आक्रोशित हैं।
प्रदर्शनकारी हीरालाल साहू ने बताया कि 11 अप्रैल को मारुति विहार सोसायटी की ओर से रायपुर कलेक्टर को इस विरोध में ज्ञापन सौंपा गया था। इसके बावजूद 3 मई को दुकान को फिर से खोल दिया गया। बाद में मुख्यमंत्री के नाम हस्ताक्षर अभियान चलाकर 25 मई को सामूहिक आवेदन भी दिया गया। यहां तक कि सुशासन तिहार में भी इस शराब भट्टी का विरोध दर्ज कराया गया था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दुकान खुलने के बाद से मोहबा बाजार और आसपास के क्षेत्रों का माहौल बिगड़ गया है। महंत तालाब की पचरी और अन्य खुले स्थानों पर खुलेआम शराबखोरी हो रही है। इसके चलते छीनाझपटी, गाली-गलौच और मारपीट की घटनाएं आम हो गई हैं। हाल ही में शराब पीने से रोकने पर चाकूबाजी की घटना से क्षेत्र दहल गया था। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि मोहबा बाजार से तत्काल शराब दुकान हटाई जाए, ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा का माहौल बहाल हो सके।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509 (विज्ञापन एवं न्यूज़ के लिए संपर्क :(94252-44276)



w5b45e