आर्थिक तंगी झेल रही महिला को मिला नया जीवन…
स्वतंत्र छत्तीसगढ़
रायपुर/कोण्डागांव, 12 सितंबर 2025– कोण्डागांव जिले ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नया इतिहास रचा है। जिला अस्पताल में पहली बार लेप्रोस्कोपिक पद्धति से किडनी का सफल ऑपरेशन किया गया।
बाजारपारा की 35 वर्षीय सावित्री कोर्राम, जो घर-घर काम करके अपने चार बच्चों का पालन-पोषण करती हैं, गंभीर किडनी रोग से जूझ रही थीं। निजी अस्पताल में इलाज का खर्च सुनकर वह हताश हो गई थीं। ऐसे में जिला अस्पताल कोण्डागांव उनकी उम्मीद बना।
अस्पताल के सर्जन डॉ. एस. नगुलन व उनकी टीम ने जांच के बाद लेप्रोस्कोपिक तकनीक से ऑपरेशन करने का निर्णय लिया। 4 सितंबर को करीब तीन घंटे चले इस ऑपरेशन में खराब किडनी को सफलतापूर्वक निकाल दिया गया। ऑपरेशन टीम में डॉ. शैलेश कुमार, डॉ. अनिल देवांगन, डॉ. कृष्णा मरकाम सहित ओटी स्टाफ ने अहम भूमिका निभाई। अब सावित्री तेजी से स्वास्थ्य लाभ ले रही हैं। उन्होंने कहा— “गरीबी और बीमारी ने मेरी जिंदगी खत्म कर दी थी, लेकिन जिला अस्पताल और आयुष्मान कार्ड ने मुझे नया जीवन दिया।” इस सफलता के पीछे जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की योजनाबद्ध मेहनत भी है। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना, सीएमएचओ डॉ. आर.के. चतुर्वेदी और सिविल सर्जन डॉ. प्रेम मंडावी के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि संभव हुई।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाएँ लगातार मजबूत हो रही हैं। पहले बस्तर अंचल के मरीजों को बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था, लेकिन अब जिला स्तर पर ही आधुनिक इलाज उपलब्ध है।
कोण्डागांव जिला अस्पताल में हुआ यह लेप्रोस्कोपिक ऑपरेशन स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में मील का पत्थर साबित हुआ है।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509 (विज्ञापन एवं न्यूज़ के लिए संपर्क :(94252-44276)


