जगदलपुर /स्वतंत्र छत्तीसगढ़ :
छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप एक नए विवाद में घिर गए हैं। जगदलपुर सर्किट हाउस के एक कर्मचारी ने उन पर मारपीट और गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित कर्मचारी खितेंद्र पांडेय ने इस संबंध में कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया है। खितेंद्र पांडेय का आरोप है कि शनिवार शाम वह सर्किट हाउस में नाश्ता तैयार कर रहे थे। तभी मंत्री के पीएसओ ने उन्हें बुलाया और मंत्री के पास ले गए। वहां मंत्री ने उनका कॉलर पकड़कर गाली-गलौज की और कमरे में बुलाकर मारपीट भी की।
कांग्रेस ने घेरा, मांगा इस्तीफा
इस घटना के बाद सियासी बवाल मच गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि यह बेहद निंदनीय घटना है और मंत्री केदार कश्यप का यह पहला मामला नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि 2018 में भी कोंडागांव सर्किट हाउस में ऐसे ही मारपीट की घटना सामने आई थी। बैज ने कहा –”मंत्री सत्ता के नशे में चूर हैं, जनता के सेवक बनकर दबंगई दिखा रहे हैं। मुख्यमंत्री को तुरंत उन्हें बर्खास्त करना चाहिए।”
मामले को लेकर दंतेवाड़ा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। राजीव भवन के सामने पुतला दहन किया गया और नारेबाजी हुई। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई। कांग्रेस प्रवक्ता विमल सलाम ने कहा कि यह घटना भाजपा की असली मानसिकता को उजागर करती है। पीसीसी संयुक्त महामंत्री छविंद्र कर्मा ने कहा –”प्रधानमंत्री मोदी जी बार-बार मां को देश की मां बताते हैं, लेकिन गरीब कर्मचारी की मां के सम्मान का क्या? मंत्री का यह रवैया अमानवीय और सामाजिक मूल्यों पर चोट है।”
इधर, मंत्री केदार कश्यप ने आरोपों को सिरे से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मुद्दा विहीन हो चुकी है और जनता को गुमराह करने के लिए मनगढ़ंत कहानियां गढ़ रही है। सर्किट हाउस में किसी तरह की मारपीट की घटना हुई ही नहीं है।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509
(विज्ञापन एवं न्यूज़ के लिए संपर्क :99934-54909)


