जी.भुषण (04 सितंबर 2025)
बिलासपुर। जिले के सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत भरनी के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। अचानक सड़क पर मवेशी आ जाने से कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं बहू और एक बच्ची भी इस हादसे में घायल हो गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार तेज रफ्तार से भरनी की ओर जा रही थी। इस दौरान अचानक मवेशी सड़क पर आ गया। चालक ने गाड़ी बचाने की कोशिश की, लेकिन कार सीधे पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। महिला की मौत से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। गंभीर रूप से घायल पति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। बहू और बच्ची की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर खुले में छोड़े गए मवेशियों के कारण हो रहे सड़क हादसों की गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़कों पर मवेशियों की आवाजाही रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
www.swatantrachhattisgarh.com


