बिहार में आज एनडीए ने बंद का आह्वान किया है। यह बंद कांग्रेस मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बुलाया गया है। बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक यानी कुल 5 घंटे प्रभावी रहेगा। एनडीए नेताओं ने दावा किया है कि विरोध शांतिपूर्ण ढंग से किया जाएगा। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और अलर्ट मोड पर है।
आपातकालीन सेवाएं बंद से बाहर, स्कूल-कॉलेज खुले
एनडीए ने साफ किया है कि बंद से अस्पताल, एम्बुलेंस, पुलिस और फायर ब्रिगेड जैसी आपातकालीन सेवाएं प्रभावित नहीं होंगी। रेलवे और हवाई सेवाएं भी सामान्य रूप से जारी रहेंगी। राज्य सरकार ने कोई आधिकारिक छुट्टी घोषित नहीं की है, इसलिए स्कूल और कॉलेज खुले रहेंगे। हालांकि कुछ निजी संस्थान स्थानीय हालात को देखते हुए बंद रखने का फैसला कर सकते हैं। बैंक और एटीएम सेवाएं भी सामान्य रूप से चालू रहेंगी।
सड़कों पर सबसे ज्यादा असर, बाजार आंशिक रूप से बंद
बंद का सबसे ज्यादा असर सड़कों पर देखने को मिलेगा। एनडीए कार्यकर्ता कई जगहों पर चक्का जाम करेंगे, जिससे पटना-मुजफ्फरपुर और पटना-गया जैसे हाईवे मार्गों पर यातायात प्रभावित हो सकता है। बड़े शहरों के बाजार और दुकानें आंशिक रूप से बंद रह सकती हैं, जबकि ग्रामीण इलाकों में बंद का असर सीमित रहने की संभावना है। सरकारी दफ्तर खुले रहेंगे, लेकिन कर्मचारियों की उपस्थिति पर असर पड़ सकता है।
www.swatantrachhattisgarh.com


