स्वतंत्र छत्तीसगढ़ /जी.भूषण
रायपुर, 31 अगस्त 2025। विश्व फोटोग्राफी दिवस के उपलक्ष्य में रायपुर प्रेस क्लब द्वारा वरिष्ठ फोटोग्राफर एवं राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता स्वर्गीय विनय शर्मा की स्मृति में तीन दिवसीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य आयोजन आगामी 3 से 5 सितंबर 2025 तक प्रेस क्लब परिसर में आयोजित होगा।
प्रदर्शनी का उद्घाटन 3 सितंबर को अपराह्न 3 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल शामिल होंगे, जबकि अध्यक्षता वरिष्ठ फोटोग्राफर एवं प्रेस क्लब के पूर्व महासचिव श्री गोकुल सोनी करेंगे। इस अवसर पर दैनिक भास्कर के स्थानीय संपादक श्री हर्ष पांडेय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस वर्ष की फोटोग्राफी प्रतियोगिता को चार विशेष श्रेणियों में विभाजित किया गया है—
- 25 सालों का छत्तीसगढ़
- हेरिटेज (धरोहर)
- नेचर (प्रकृति)
- ड्रोन फोटोग्राफी (विशेष कैटेगरी)
प्रतियोगिता में मीडिया जगत से जुड़े कुल 31 फोटोग्राफर भाग ले रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इस बार पहली बार ड्रोन से खींची गई तस्वीरों को प्रतियोगिता में शामिल किया गया है। इसके अलावा प्रदर्शनी में स्व. विनय शर्मा द्वारा खींची गई चुनिंदा एवं ऐतिहासिक महत्व की तस्वीरें भी प्रदर्शित की जाएंगी।
प्रेस क्लब अध्यक्ष प्रफुल्ल ठाकुर और महासचिव डॉ. वैभव शिव पांडेय ने बताया कि प्रदर्शनी का समय प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे तक रहेगा। यह प्रदर्शनी न केवल मीडिया जगत के लिए, बल्कि विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों और आम नागरिकों के लिए भी खुली रहेगी।
श्री ठाकुर ने कहा कि यह आयोजन केवल फोटोग्राफरों के लिए अपनी कला और प्रतिभा को प्रदर्शित करने का मंच नहीं है, बल्कि इससे रायपुरवासियों और राज्यवासियों को छत्तीसगढ़ की धरोहर, प्रकृति और बदलते स्वरूप को कैमरे की नजर से देखने का अनूठा अवसर मिलेगा।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509


