जी.भूषण /22 अगस्त 2025;
रायपुर। अनुकंपा नियुक्ति की मांग को लेकर चल रहा दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मी अनुकंपा संघ का आंदोलन शनिवार को उस वक्त उग्र हो गया, जब एक महिला प्रदर्शनकारी ने डिप्टी सीएम एवं पंचायत मंत्री विजय शर्मा के घर के बाहर फिनाइल पी लिया। महिला को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, महिला का नाम अश्वनी सोनवानी है, जो जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली और जिला यूनियन की अध्यक्ष हैं। वे पिछले दो दिनों से रायपुर में अन्य महिलाओं और परिजनों के साथ धरने पर बैठी थीं। शुक्रवार को महिलाएं अपने बच्चों सहित विजय शर्मा के घर के बाहर प्रदर्शन करने पहुंचीं। मंत्री के घर पर मौजूद न होने पर सभी धरने पर बैठ गईं।
इस बीच जब पुलिसकर्मी महिलाओं को वहां से हटाने पहुंचे, तो एक प्रदर्शनकारी ने चेतावनी दी – “जबरदस्ती करोगे तो फिनाइल पी लेंगे।” इसी दौरान अश्वनी सोनवानी ने थैले से बोतल निकालकर फिनाइल पीने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें रोककर अस्पताल पहुंचाया।
कांग्रेस ने सरकार को ठहराया जिम्मेदार
कांग्रेस संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा सरकार की असंवेदनशीलता के कारण महिलाएं मजबूर होकर ऐसे कदम उठा रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से धरने पर बैठी इन विधवा महिलाओं की सुध सरकार ने नहीं ली।
बीजेपी ने कहा- घटना दुर्भाग्यजनक
भाजपा प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। इसके पीछे किसने महिलाओं को उकसाया, इसकी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि यूनियन पदाधिकारियों से बैठक हो चुकी है और आने वाले समय में रोजगार को लेकर सहमति बनी है।
आंदोलन का लंबा इतिहास
- दिवंगत पंचायत शिक्षाकर्मियों के परिजन 307 दिनों से धरने पर हैं।
- उनका आरोप है कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में तत्कालीन सीएम भूपेश बघेल ने मांगों को नजरअंदाज किया था।
- उस समय भाजपा नेताओं ने समर्थन दिया था, लेकिन अब सत्ता में आने के 2 साल बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
- आंदोलनकारियों का कहना है कि पहले भी वे सामूहिक मुंडन और अर्थी सजाकर विरोध जता चुके हैं।
परिजनों की पीड़ा
फिनाइल पीने वाली महिला की बेटी ने कहा – “2017 में पापा की मौत हो गई थी। तब से घर में आर्थिक समस्या है। अब तक ना नौकरी मिली है, ना ही चुनाव के वक्त वादा करने वाले नेता हमारी सुन रहे हैं। इसी से परेशान होकर मां ने यह कदम उठाया।”
फिलहाल अश्वनी सोनवानी का इलाज जारी है। वहीं प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जब तक सरकार उनकी मांगें पूरी नहीं करतीं, आंदोलन जारी रहेगा।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509


