भूषण (स्वतंत्र छत्तीसगढ़ )
कोरबा। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की एक बड़ी बानगी कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में देखने को मिली। ब्लड ग्रुप की जांच में हुई गलती के चलते गंभीर एनीमिया से पीड़ित 18 वर्षीय युवक नंदलाल चौहान की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर दुर्व्यवहार और लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
जानकारी के अनुसार बालको निवासी नंदलाल चौहान को 19 अगस्त को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह पिछले 12 वर्षों से एनीमिया और मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और उसके शरीर में मात्र 2.5 ग्राम हीमोग्लोबिन शेष था। 20 अगस्त को उसकी गंभीर स्थिति देखते हुए रक्त चढ़ाने की आवश्यकता पड़ी। अस्पताल की लैब में ब्लड टेस्ट किया गया, जहां लैब टेक्नीशियन ने उसका ब्लड ग्रुप B पॉजिटिव बताया। जबकि हकीकत में युवक का ब्लड ग्रुप O पॉजिटिव था।
गलत रिपोर्ट के आधार पर परिजन ब्लड बैंक पहुंचे और रक्त की व्यवस्था की। लेकिन क्रॉस मैचिंग के दौरान वास्तविक ब्लड ग्रुप सामने आया। इसके बाद परिजन दोबारा ब्लड बैंक की ओर दौड़े। इस प्रक्रिया में 3 से 4 घंटे बर्बाद हो गए और उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और कर्मचारियों पर दुर्व्यवहार का आरोप लगाया। बजरंग दल ने भी घटना को लेकर मोर्चा खोलते हुए ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष राणा मुखर्जी ने कहा कि यह पहली घटना नहीं है, आए दिन अस्पतालों में इस तरह की लापरवाही देखने को मिलती है।
वहीं, मामले पर अस्पताल के डिप्टी मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉ. डी.एस. पटेल ने स्वीकार किया कि ब्लड ग्रुप जांच में गलती हुई है। उन्होंने बताया कि संबंधित लैब टेक्नीशियन को तत्काल हटा दिया गया है और जांच के आदेश दिए गए हैं। रिपोर्ट मिलने के बाद दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509


