रायपुर : 04 अगस्त 2025
श्री बालाजी विद्या मंदिर, सेक्टर-2, देवेंद्र नगर में सावन पर्व पारंपरिक और सांस्कृतिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शाला प्रांगण हरियाली और भक्ति भाव से सराबोर हो गया। छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण पारंपरिक हरित परिधानों में सज-धजकर उपस्थित हुए। कुछ नन्हें-मुन्ने बच्चे भगवान शिव-पार्वती और कांवड़िए के रूप में सजे थे, जिन्होंने कार्यक्रम में विशेष आकर्षण का केंद्र बने।

कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान शंकर के चित्र पर माल्यार्पण और शिवलिंग पर जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री वी. रामा राव (भूतपूर्व सदस्य, नगर पालिक निगम, कोरबा) उपस्थित थे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. अरुण पटनायक (सीनियर डायरेक्टर, एमिटी यूनिवर्सिटी), श्री जी. स्वामी (अध्यक्ष, आंध्र एसोसिएशन, रायपुर), श्री मोहन के. नायडू (कोषाध्यक्ष) एवं श्री एम. श्रीनिवास (संयुक्त सचिव-2) सम्मिलित हुए। कार्यक्रम में कार्यकारिणी के सदस्य श्री के. विजय कुमार, श्री जी. नागेश, शाला की प्राचार्या डॉ. फ्रेनी जयप्रकाश तथा उपप्राचार्या श्रीमती मौसमी भट्टाचार्य भी उपस्थित थीं।

मुख्य अतिथि श्री रामा राव ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ना चाहिए। उन्होंने छात्रों को चरित्र निर्माण, समर्पण, त्याग और दृढ़ निश्चय जैसे मूल्यों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। साथ ही देशभक्ति, मातृभूमि एवं मातृभाषा के प्रति सदैव अनुराग बनाए रखने का संदेश दिया।
वरिष्ठ शिक्षिका डॉ. सुमन वर्मा ने सावन माह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिनमें मेहंदी रचना, केश सज्जा, चूड़ी सज्जा, वेस्ट से बेस्ट निर्माण एवं डमरू बनाना शामिल रहीं। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कला का सुंदर प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का समापन प्रसादी वितरण के साथ हुआ। समस्त आयोजन ने विद्यार्थियों में भक्ति, संस्कृति एवं रचनात्मकता का समावेश किया, जिसे अभिभावकों एवं आगंतुकों द्वारा खूब सराहा गया।
www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509


