रायगढ़ : 22 जुलाई 2025
21 जुलाई की सुबह रायगढ़ जिले के कोतरा रोड स्थित अटल विहार कॉलोनी में एक महिला का शव संदिग्ध अवस्था में घर के पंखे से लटकता मिला। मृतका की पहचान ममता साहू (30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने पति सतीश साहू और ढाई साल के बेटे के साथ कॉलोनी के ब्लॉक S स्थित मकान नंबर 201 में रहती थी।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पति सतीश साहू ने पुलिस को सूचना दी कि सुबह नाश्ता बनाने को लेकर उनके बीच मामूली कहासुनी हुई थी, जिसके कुछ देर बाद उन्होंने पत्नी का शव कमरे में सिलिंग फैन से लटका देखा।
सतीश ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि घटना के वक्त वह दूसरे कमरे में था। जब काफी देर तक पत्नी की कोई आवाज नहीं आई, तो वह देखने गया। दरवाजा बंद था, दरवाजा खोलकर उसने ममता को चुनरी से लटकता पाया। उसने तुरंत फंदा काटा, लेकिन तब तक शरीर में कोई हलचल नहीं थी।
यह भी पढ़े : बिलासपुर में दो पुलिसकर्मियों पर नाबालिगों से बंधुआ मजदूरी कराने का आरोप, बच्चियां भागकर पहुंचीं सखी सेंटर…
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। जानकारी के अनुसार, सतीश साहू मूलतः बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जरोंधा का निवासी है और वर्तमान में रायगढ़ की कैट JCB कंपनी में कार्यरत है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। कॉलोनीवासियों और पड़ोसियों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने क्षेत्र में शोक की लहर फैला दी है। वहीं पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और वजह है।
व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक:https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG


