इंदौर : 16 जुलाई 2025
धार रोड स्थित धरावरा धाम के पास मंगलवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में हाईवे ढाबा संचालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों उज्जैन में महाकाल दर्शन कर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कंटेनर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम बनोदा धन्नड़ निवासी सचिन मालवीय (25) के रूप में हुई है, जो हाईवे किनारे एक ढाबा संचालित करता था। उसके साथ बाइक पर सवार चेतन, जो राजस्थान का निवासी है और ढाबे में कुक का काम करता है, गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे के बाद चेतन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़े : प्रभारी प्राचार्य निलंबित, शराब पीकर स्कूल आने, अवैध वसूली और अनुशासनहीनता के आरोप…
परिजनों ने बताया कि सचिन अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में एक छोटी बहन भी है, जिसकी अभी शादी नहीं हुई है। सचिन के पिता खेती करते हैं और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
हादसे के बाद कंटेनर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कंटेनर और उसके चालक की तलाश जारी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में भारी वाहनों की तेज रफ्तार के चलते अक्सर हादसे होते रहते हैं। पुलिस और प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम करने की मांग की जा रही है।
हमारे व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q हमारे ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


