संयुक्त संचालक से लेकर वरिष्ठ लेखाधिकारी तक की बदली जिम्मेदारी, कई अधिकारियों को नई पदस्थापना तो कुछ को अतिरिक्त प्रभार से किया गया मुक्त |
रायपुर। छत्तीसगढ़ में दिवाली से पहले राज्य सरकार ने वित्त विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। विभाग द्वारा 5 नवंबर 2026 को जारी आदेश के अनुसार कुल 27 अधिकारियों के तबादले और कार्यभार में बदलाव किए गए हैं। इस सूची में संयुक्त संचालक, वित्त नियंत्रक, अपर संचालक, उप संचालक, वरिष्ठ कोषालय अधिकारी और वरिष्ठ लेखाधिकारी स्तर के अधिकारी शामिल हैं। आदेश के तहत कई अधिकारियों को नई जगह पदस्थ किया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपने के साथ कुछ को पहले से मिली जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है। इस प्रशासनिक फेरबदल को विभागीय कामकाज में बेहतर समन्वय और व्यवस्था को मजबूत करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार विवेक कुमार मिश्रा को दुर्ग से संचालनालय कोष एवं लेखा, नवा रायपुर भेजा गया है, जबकि अभिषेक शर्मा को नवा रायपुर से दुर्ग स्थित संभागीय संयुक्त संचालक कार्यालय में पदस्थ किया गया है। योगेश्वरी डेंजारे को लोक शिक्षण संचालनालय में उप संचालक (वित्त), अंकिता सिंह को छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन, रायपुर में उप संचालक (वित्त) और विनोद कुमार उपगड़े को जिला कोषालय जशपुर की जिम्मेदारी दी गई है। विजय कुमार वर्मा को जिला पंचायत बिलासपुर, चंद्रशेखर सराफ को जिला कोषालय कोरिया तथा अनिल कुमार सिन्हा को सरगुजा विश्वविद्यालय, अंबिकापुर में नई पदस्थापना मिली है। पद्माकर सिंह परिहार को राज्य ग्रामीण संपर्क प्रशिक्षण एवं अनुसंधान केंद्र, नवा रायपुर में लेखाधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा उमेश अग्रवाल को संचालनालय कोष एवं लेखा, अखिलेश्वर सिंह तंवर को कार्यालय विकास आयुक्त में अपर संचालक, गिरीश कोल्हे को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय में वित्त अधिकारी और रामकिशन निराला को राज्य नीति आयोग में संयुक्त संचालक (वित्त) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जेरोम एक्का, करूणा पाण्डेय, पूषण कुमार साहू और धीरज नशीने सहित अन्य अधिकारियों की पदस्थापना में भी बदलाव किया गया है।
आदेश में अतिरिक्त प्रभार को लेकर भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। कैलाश कुमार को ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, विकास आयुक्त कार्यालय का अतिरिक्त प्रभार, समीर मिश्रा को संचालनालय मछली पालन और द्वारका प्रसाद वर्मा को दाऊ कल्याण सिंह स्नातकोत्तर संस्थान एवं अनुसंधान केंद्र, रायपुर के वित्तीय कार्यों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं ऋतु कौशिक को उक्त संस्थान के वित्तीय कार्यों के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया गया है। संतोष कुमार सिंह को छत्तीसगढ़ स्टेट बेवरेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड में उप संचालक (वित्त) के अतिरिक्त प्रभार से हटा दिया गया है। वित्त विभाग के इस आदेश के बाद संबंधित अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के अनुरूप कार्यभार संभालना होगा।
ख़बरें और भी…


