HomeCHHATTISGARHRAIPURसिंगापुर में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं की गूंज, मुख्यमंत्री साय ने उद्योग...

Date:

सिंगापुर में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं की गूंज, मुख्यमंत्री साय ने उद्योग जगत को दिया साझेदारी का न्योता…

गार्डन्स बाय द बे के साथ नवा रायपुर के बॉटनिकल गार्डन, शहरी हरियाली और ईको-टूरिज्म पर चर्चा; एसबीएफ के लीडरशिप डिनर में उद्योग प्रतिनिधियों से संवाद

हेडलाइंस
  • मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गार्डन्स बाय द बे के वरिष्ठ अधिकारियों से की मुलाकात
  • नवा रायपुर में बॉटनिकल गार्डन के विकास पर विशेषज्ञता लेने की तैयारी
  • शहरी हरियाली, वनस्पति संरक्षण और ईको-टूरिज्म पर संस्थागत सहयोग की संभावनाएं
  • सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के लीडरशिप डिनर में मुख्यमंत्री हुए शामिल
  • सिंगापुर के उद्योग जगत के सामने रखीं छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाएं
  • एमएसएमई, स्टार्टअप और मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में निवेश का दिया न्योता
  • 5 अक्टूबर को सिंग फोरम और 6 अक्टूबर को सीईओ राउंडटेबल में होगी भागीदारी

रायपुर| मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधिमंडल सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित प्रथम ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (सिंग) फोरम 2026’ में भाग लेने सिंगापुर पहुंचा है। भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के नामांकन के बाद आयोजित इस दौरे में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के अवसरों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है।

सिंगापुर प्रवास के पहले दिन मुख्यमंत्री साय और छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने विश्व प्रसिद्ध ‘गार्डन्स बाय द बे’ के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान मास्टर प्लानिंग, सतत डिजाइन और उद्यान प्रबंधन की कार्यप्रणाली की जानकारी ली गई। उद्यानिकी, वनस्पति संरक्षण, शहरी हरियाली, ईको-टूरिज्म और क्षमता विकास के क्षेत्र में संभावित संस्थागत सहयोग पर भी चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ समृद्ध वन संपदा और जैव विविधता वाला प्रदेश है। गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों का उपयोग नवा रायपुर में प्रस्तावित बॉटनिकल गार्डन के विकास के साथ प्रदेश के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर लैंडस्केपिंग तथा हरित क्षेत्रों के विस्तार में किया जा सकता है। इससे पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।

सिंगापुर के उद्योग जगत को निवेश का न्योता

मुख्यमंत्री साय सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन द्वारा आयोजित लीडरशिप डिनर में भी शामिल हुए। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, सिंगापुर में भारत के उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले, सिंगापुर बिजनेस फेडरेशन के चेयरमैन मार्क ली और मुख्य कार्यकारी अधिकारी कोक पिंग सून सहित विभिन्न उद्योगों के वरिष्ठ प्रतिनिधि मौजूद रहे।

डिनर के दौरान मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ को उभरते निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रदेश की औद्योगिक नीति, ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के लिए किए गए सुधारों तथा एमएसएमई, स्टार्टअप और विनिर्माण क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी साझा की। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत को ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में सहभागी बनने और प्रदेश में निवेश के अवसरों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित किया।

मुख्यमंत्री साय 5 अक्टूबर को सिंग फोरम 2026 में शामिल होंगे। इसके बाद 6 अक्टूबर को सिंगापुर की प्रमुख कंपनियों और निवेश संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ सीईओ राउंडटेबल में छत्तीसगढ़ की निवेश संभावनाओं और आर्थिक साझेदारी के मुद्दों पर चर्चा करेंगे।

खबरें और भी…
स्वतंत्र छत्तीसगढ़
स्वतंत्र छत्तीसगढ़https://swatantrachhattisgarh.com
(संपादक) इस साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री ( समाचार / फोटो / विडियो आदि ) शामिल होगी । स्वतंत्र छत्तीसगढ़ इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। स्वतंत्र छत्तीसगढ़ में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता / खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, स्वतंत्र छत्तीसगढ़ या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी जिम्मेदारी नहीं होगी. सभी विवादों का न्याय क्षेत्र रायपुर होगा ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

More like this
Related