स्वतंत्र छत्तीसगढ़
रायपुर, छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 22 IAS अधिकारियों और एक IFS अधिकारी की नई पदस्थापना के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में 6 जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। सबसे अहम बदलाव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में किया गया है, जहां 1999 बैच के IAS अधिकारी सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव बनाया गया है।
हेड लाइंस
22 IAS और एक IFS अधिकारी की नई पदस्थापना
6 जिलों के कलेक्टर बदले, प्रशासनिक अमले में बड़ा फेरबदल
सोनमणि बोरा बने नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव
विवेक आचार्य की सेवाएं पर्यटन मंडल से वापस, मूल विभाग वन में भेजे गए
रणबीर शर्मा बने गरियाबंद के नए कलेक्टर
कांकेर कलेक्टर नीलेशकुमार क्षीरसागर को नगरीय प्रशासन का संचालक बनाया गया
नगरीय प्रशासन की कमान सोनमणि बोरा को 18 अगस्त को जारी नए प्रशासनिक आदेश के अनुसार 1999 बैच के IAS अधिकारी सोनमणि बोरा को प्रमुख सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग बनाया गया है। उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी रहेगा। इससे पहले बोरा आदिम जाति विकास विभाग के प्रमुख सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। शहरों के विकास, नगरीय निकायों और शहरी योजनाओं से जुड़े बड़े फैसलों वाले इस महत्वपूर्ण विभाग की जिम्मेदारी अब उन्हें सौंपी गई है।
आर. संगीता को मंत्रालय में पदस्थापना 2005 बैच की IAS अधिकारी आर. संगीता को सचिव, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के पद से हटाकर सचिव, मंत्रालय बनाया गया है। वहीं गरियाबंद के कलेक्टर भगवान सिंह उइके को संयुक्त सचिव, सामान्य प्रशासन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। कबीरधाम के कलेक्टर गोपाल वर्मा को संयुक्त सचिव, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग पदस्थ किया गया है।
रणबीर शर्मा बने गरियाबंद कलेक्टर 2012 बैच के IAS अधिकारी रणबीर शर्मा को संचालक, समाज कल्याण के पद से हटाकर गरियाबंद जिले का नया कलेक्टर बनाया गया है। इस नियुक्ति के साथ उनकी एक बार फिर फील्ड प्रशासन में वापसी हुई है। प्रशासनिक फेरबदल के तहत अन्य जिलों में भी कलेक्टर स्तर पर बदलाव किए गए हैं।
3 महीने में संस्कृति और पर्यटन दोनों विभागों से बाहर हुए विवेक आचार्य 2006 बैच के IFS अधिकारी विवेक आचार्य की जिम्मेदारियों में भी बड़ा बदलाव किया गया है। वर्तमान में वे छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक थे, लेकिन अब उनकी सेवाएं तत्काल प्रभाव से उनके मूल विभाग वन विभाग को वापस कर दी गई हैं। करीब तीन महीने पहले उन्हें संस्कृति विभाग के संचालक पद से हटाकर पर्यटन मंडल की जिम्मेदारी दी गई थी। वर्ष 2020 से संस्कृति विभाग की जिम्मेदारी संभालने वाले विवेक आचार्य अब 3 महीने के भीतर दूसरी बार बदली पोस्टिंग के बाद संस्कृति और पर्यटन, दोनों विभागों की जिम्मेदारी से बाहर हो गए हैं।
कांकेर कलेक्टर को नगरीय प्रशासन की जिम्मेदारी कांकेर कलेक्टर नीलेशकुमार महादेव क्षीरसागर को संचालक, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग बनाया गया है। वहीं इस पद पर कार्यरत रिमिजियुस एक्का को विशेष सचिव, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें मिशन संचालक, जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को राज्य शासन के विभिन्न विभागों और जिला प्रशासन में नई कार्यप्रणाली के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
खबरें और भी…


