रायपुर | छत्तीसगढ़
रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए विधायक पुरंदर मिश्रा ने मंगलवार को दो नवीन आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण और एक नए सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की मौजूदगी में क्षेत्र के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें सामने रखी गईं।
हेड लाइंस
त्रिमूर्ति नगर में दो नए आंगनबाड़ी भवनों का हुआ लोकार्पण
वार्ड 13 में सामुदायिक भवन निर्माण का किया गया भूमिपूजन
आंगनबाड़ी भवनों पर 11.69 लाख रुपये की लागत आई
सामुदायिक भवन का निर्माण 6 लाख रुपये की लागत से होगा
विधायक पुरंदर मिश्रा ने गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण के दिए निर्देश
रायपुर: रायपुर उत्तर विधानसभा के वार्ड क्रमांक 6 स्थित त्रिमूर्ति नगर में विधायक पुरंदर मिश्रा ने जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से लगभग 11.69 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो नवीन आंगनबाड़ी भवनों का लोकार्पण किया। इसके बाद उन्होंने वार्ड क्रमांक 13 में अधोसंरचना मद से 6 लाख रुपये की लागत से बनने वाले नए सामुदायिक भवन का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम में रायपुर की महापौर मीनल चौबे, नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़, एमआईसी सदस्य महेन्द्र खोडियार, पार्षद खगपति सोनी, एल्डरमैन गोपाल सोना सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
बच्चों और महिलाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी
लोकार्पण के अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि बच्चों का बेहतर भविष्य मजबूत आधारभूत सुविधाओं पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि नए आंगनबाड़ी भवनों के माध्यम से बच्चों को सुरक्षित वातावरण, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और बेहतर पोषण सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही महिलाओं और हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से मिल सकेगा।
सामुदायिक भवन बनेगा सामाजिक गतिविधियों का केंद्र
वार्ड क्रमांक 13 में सामुदायिक भवन के भूमिपूजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। विधायक ने कहा कि यह भवन भविष्य में सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र बनेगा। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाए, गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कर भवन जनता को समर्पित किया जाए।
विकास कार्यों को मिल रही नई गति
विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि उत्तर विधानसभा में विकास केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि योजनाओं को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक अधोसंरचना और जनसुविधाओं के विस्तार को अपनी प्राथमिकता बताया। वहीं महापौर मीनल चौबे ने कहा कि उत्तर विधानसभा में विकास कार्यों को नई गति मिली है और नगर निगम जनहित के प्रत्येक कार्य में पूरी प्रतिबद्धता के साथ सहयोग करता रहेगा।
ख़बरें और भी…


