कोरबा, स्वतंत्र छत्तीसगढ़
बालको द्वारा विकसित चिल्ड्रन्स पार्क सहित जनहित परियोजनाओं का लोकार्पण, मंत्री ने औद्योगिक विकास और सामाजिक उत्तरदायित्व की सराहना
हेड लाइंस
• बालको के विकास कार्यों की उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन ने की सराहना
• चिल्ड्रन्स पार्क सहित जनसुविधाओं का हुआ लोकार्पण
• सड़क, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और शिक्षा में योगदान का किया उल्लेख
• स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बालको के सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की
कोरबा, छत्तीसगढ़। वाणिज्य, उद्योग, श्रम एवं आबकारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बालको के माध्यम से क्षेत्र का सर्वांगीण विकास हो रहा है और कंपनी अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत आधारभूत सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, सामुदायिक भवन, नाली निर्माण तथा अन्य जनहित कार्यों से क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। साथ ही औद्योगिक विकास के कारण स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी लगातार बढ़ रहे हैं।
विकास कार्यों से बढ़ रही नागरिक सुविधाएं
मंत्री देवांगन ने चिल्ड्रन्स पार्क सहित विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण अवसर पर कहा कि आधुनिक सार्वजनिक सुविधाएं नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि उद्योगों का विकास केवल आर्थिक गतिविधियों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि समाज और स्थानीय समुदाय के समग्र विकास से भी जुड़ा होना चाहिए। उन्होंने बालको द्वारा क्षेत्र में किए जा रहे सामाजिक और विकासात्मक कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार की पहल जारी रखने की अपेक्षा व्यक्त की।

महिला सशक्तिकरण और आजीविका पर विशेष फोकस
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि संजू देवी राजपूत तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बालको के प्रयासों की सराहना की। पार्षद बद्री किरण ने कहा कि कंपनी महिला सशक्तिकरण के लिए ‘उन्नति’ परियोजना के माध्यम से मशरूम उत्पादन, कोसा शिल्प सहित विभिन्न आजीविका कार्यक्रम संचालित कर रही है। इसके अलावा स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं विद्यालयों के उन्नयन तथा आधारभूत संरचना के विकास में भी कंपनी की उल्लेखनीय भूमिका रही है। उन्होंने नागरिकों से नव विकसित पार्क और सार्वजनिक संपत्तियों की देखभाल में सहयोग करने की अपील भी की।
सतत और समावेशी विकास की दिशा में पहल
बालको ने हाल के समय में सामुदायिक भवन, सड़क, पार्क और अन्य आधारभूत विकास परियोजनाओं को पूर्ण कर स्थानीय प्रशासन एवं समुदाय को समर्पित किया है। कंपनी का उद्देश्य बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा आसपास के क्षेत्रों में सतत एवं समावेशी विकास को गति देना है। इन पहलों से क्षेत्र में सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
खबरें और भी…


