छत्तीसगढ़
रायपुर। शहर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित रॉयल कैसल होटल में गुरुवार शाम अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार होटल के ग्राउंड फ्लोर पर बने स्टोर रूम से अचानक ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और कुछ ही देर में काला धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया। स्टोर में रखे ज्वलनशील और सूखे सामान के कारण आग तेजी से भड़क गई और इसकी लपटें पहली मंजिल तक पहुंच गईं, जिससे होटल में ठहरे मेहमानों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई।
समय रहते रेस्क्यू से टला बड़ा हादसा
धुआं फैलते ही होटल के अंदर चीख-पुकार मच गई, लेकिन होटल स्टाफ और स्थानीय लोगों की तत्परता से तुरंत रेस्क्यू शुरू कर दिया गया। सभी मेहमानों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंच गए और सुरक्षा के लिहाज से आसपास के क्षेत्र को खाली करा दिया गया।
दो दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू
दमकल विभाग की दो गाड़ियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। डीएसपी ग्रामीण वीरेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। हालांकि, फायर विभाग और पुलिस टीम मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन होटल के स्टोर रूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। फिलहाल होटल प्रबंधन की ओर से इस संबंध में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है।
खबरें और भी…


