रायपुर / छत्तीसगढ़
मुख्य बिंदु:
- उरला थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप पर आगजनी की घटना
- सिगरेट पीने से मना करने पर युवक ने नोजल पाइप में लगाई आग
- बाइक की टंकी तक पहुंची लपटें, बड़ा हादसा टला
- 2 आरोपी गिरफ्तार, बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र में स्थित संगीता फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर बुधवार (18 फरवरी) रात करीब 8 बजे एक गंभीर घटना सामने आई। पुलिस के अनुसार धर्मेंद्र क्षत्री और इमरान बाइक से पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। इसी दौरान धर्मेंद्र ने पेट्रोल पंप के पास सिगरेट जलाने की कोशिश की। जब इमरान ने उसे रोका और धक्का दिया, तो नाराज होकर धर्मेंद्र ने पेट्रोल भरते समय ही नोजल पाइप में लाइटर से आग लगा दी। अचानक लगी आग से न केवल नोजल पाइप बल्कि बाइक की टंकी में भी लपटें भड़क उठीं। मौके पर मौजूद लोग कुछ क्षणों के लिए स्तब्ध रह गए, जबकि आरोपी थोड़ी देर तक आग को देखता रहा और लपटें तेज होने पर भागने लगा।
आग लगते ही बाइक सवार और पंप कर्मचारी अपनी जान बचाकर दूर हट गए। स्थिति बेहद गंभीर थी क्योंकि पेट्रोल पंप पर ज्वलनशील पदार्थ की मौजूदगी बड़े विस्फोट का कारण बन सकती थी। पंपकर्मी ने तुरंत मेन स्विच बंद किया और फायर फाइटिंग किट का उपयोग कर आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि पाइप खींचते समय जलता हुआ पेट्रोल आरोपी धर्मेंद्र के ऊपर भी गिरा। समय रहते आग बुझा ली गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जो मामले की गंभीरता को दर्शाता है।
घटना के बाद दोनों आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पंपकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। उरला थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित माहेलकर ने आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। दोनों के खिलाफ थाना उरला में अपराध क्रमांक 53/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 326(छ), 287 और 125 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों पर आगजनी और सार्वजनिक सुरक्षा को खतरे में डालने की धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। मामले की आगे जांच जारी है।
खबरें और भी…


