रायपुर / छत्तीसगढ़
रायपुर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और आम नागरिकों को हो रही परेशानियों को दूर करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। रायपुर के सुंदरनगर एवं रायपुरा मुख्य मार्ग पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर प्रशासन ने व्यापारियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं, अन्यथा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला एवं जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के निर्देशानुसार तथा नगर निगम रायपुर के आयुक्त विश्वदीप के मार्गदर्शन में एएसपी यातायात विवेक शुक्ला ने नगर निगम जोन 5 अंतर्गत सुंदरनगर और रायपुरा मुख्य मार्ग के व्यापारियों की बैठक बुलाई। बैठक में नगर निवेश विभाग, नगर निगम जोन 5 और यातायात पुलिस के अधिकारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों को बताया कि मार्ग पर अतिक्रमण के कारण आम लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है और यातायात बाधित हो रहा है।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जनहित और नगरहित को ध्यान में रखते हुए अतिक्रमण हटाने की प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग देने की अपील की। व्यापारियों को समझाइश दी गई कि वे नियमों के तहत स्वेच्छा से सड़क मार्ग से अपने अतिक्रमण हटा लें। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि अतिक्रमण के कारण नागरिकों को असुविधा होती रही, तो प्रशासन नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के लिए बाध्य होगा। प्रशासन ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा जताई है।
खबरें और भी…


