रायपुर / छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ अब केवल प्राकृतिक संसाधनों का ही नहीं, बल्कि ज्ञान, तकनीक और नवाचार का भी प्रमुख केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य छत्तीसगढ़ को आईटी, आईटीईएस और इमरजिंग टेक्नोलॉजी आधारित उद्योगों के लिए देश के भरोसेमंद और आकर्षक गंतव्यों में शामिल करना है। उन्होंने यह बात अपने निवास कार्यालय में इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग, छत्तीसगढ़ शासन और सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (एसटीपीआई) के बीच हुए महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) के अवसर पर कही।
मुख्यमंत्री श्री साय ने बताया कि इस ऐतिहासिक एमओयू के अंतर्गत राज्य में सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप (CoE) और इलेक्ट्रॉनिक्स सिस्टम डिजाइन एंड डेवलपमेंट (ESDD) सेंटर की स्थापना की जाएगी। सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वन एवं औषधीय उत्पाद आधारित मेडटेक, स्मार्ट सिटी समाधान और स्मार्ट कृषि जैसे क्षेत्रों में नवाचार और स्टार्ट-अप को प्रोत्साहन मिलेगा। वहीं, अत्याधुनिक ESDD सेंटर हर वर्ष लगभग 30 से 40 हार्डवेयर स्टार्ट-अप और एमएसएमई को प्रोडक्ट डिजाइन, प्रोटोटाइपिंग, कौशल विकास और क्षमता निर्माण की सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से प्रदेश के युवाओं को राज्य के भीतर ही इनक्यूबेशन, मेंटरशिप, फंडिंग और आधुनिक प्रयोगशालाओं की सुविधा मिलेगी, जिससे बड़े शहरों की ओर होने वाला पलायन रुकेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं उद्यमिता को मजबूती मिलेगी। उन्होंने एसटीपीआई के सहयोग को राज्य के स्टार्ट-अप इकोसिस्टम के लिए बेहद महत्वपूर्ण बताया और कहा कि देशभर में फैले इसके 68 केंद्रों और 24 सेक्टर-विशेष सेंटर ऑफ एंटरप्रेन्योरशिप का अनुभव छत्तीसगढ़ को तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने विश्वास जताया कि यह एमओयू छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा और राज्य को डिजिटल नवाचार, तकनीकी उद्यमिता और स्टार्ट-अप के राष्ट्रीय मानचित्र पर नई पहचान दिलाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री सुबोध कुमार सिंह, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव श्री अंकित आनंद, एसटीपीआई के निदेशक श्री रवि वर्मा, चिप्स के सीईओ श्री प्रभात मलिक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
खबरें और भी…


