रायगढ़/छत्तीसगढ़
रायगढ़ पुलिस को नया नेतृत्व मिलने के साथ ही जिले की पुलिसिंग को लेकर एक स्पष्ट और सशक्त विजन सामने आया है। नवपदस्थ उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने पुलिस नियंत्रण कक्ष रायगढ़ में आयोजित परिचयात्मक बैठक के दौरान जिले के प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से संवाद करते हुए अपनी प्राथमिकताओं को साझा किया।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अपने सेवाकाल का परिचय देते हुए बताया कि वर्ष 1997 में डीएसपी के रूप में चयन के बाद उन्होंने राज्य के विभिन्न जिलों एवं बटालियन में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का मुख्य दायित्व अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और अपराधियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाना है। इसी उद्देश्य के साथ रायगढ़ पुलिस पूरी प्रतिबद्धता से कार्य करेगी।
कम्युनिटी पुलिसिंग पर विशेष जोर देते हुए एसएसपी ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा, जिससे पुलिस जनता की सेवा का भरोसेमंद माध्यम बन सके। उन्होंने साइबर अपराध को वर्तमान समय की सबसे बड़ी चुनौती बताते हुए रायगढ़ जिले को नया साइबर पुलिस थाना मिलने पर जिलेवासियों को बधाई दी और कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस यह थाना साइबर फ्रॉड पीड़ितों को शीघ्र राहत दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।
पत्रकारों के सवालों के जवाब में एसएसपी शशि मोहन सिंह ने अवैध जुआ, सट्टा और शराब जैसे गैरकानूनी व सामाजिक बुराइयों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने मीडिया और आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सूचना मिलने पर पुलिस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करेगी। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि पुलिस, समाज और मीडिया के संयुक्त प्रयास से ही सुरक्षित और अपराध-मुक्त रायगढ़ का निर्माण संभव है।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, उप पुलिस अधीक्षक सुशांतो बनर्जी सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
खबरें और भी…


