हाइलाइट बॉक्स
• 20 जनवरी से 05 फरवरी तक 9वां ऑटो एक्सपो
• वाहनों पर एकमुश्त 50% जीवनकाल आरटीओ टैक्स में छूट
• 266 डीलर्स की भागीदारी, 50 हजार वाहनों की बिक्री का लक्ष्य
• अपने जिले में ही वाहन पंजीयन की सुविधा, रायपुर आने की जरूरत नहीं
उद्घाटन और सरकारी पहल
रायपुर : रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन (RADA) द्वारा आयोजित ऑटो एक्सपो 2026 का उद्घाटन बुधवार को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री केदार कश्यप भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह 9वां ऑटो एक्सपो 15 दिनों तक चलेगा और इसमें सरकार द्वारा आजीवन आरटीओ टैक्स में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। उन्होंने कहा, “इस तरह के एक्सपो से शासन को राजस्व मिलता है और आम जनता को सीधा आर्थिक लाभ होता है। हमें उम्मीद है कि इस वर्ष वाहन बिक्री का आंकड़ा पिछले साल से भी आगे जाएगा।
आम नागरिकों को सीधे लाभ की व्यवस्था
ऑटो एक्सपो की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वाहन खरीदने के लिए नागरिकों को रायपुर आने की आवश्यकता नहीं होगी। वे अपने शहर या गांव के नजदीकी पंजीकृत डीलर के माध्यम से ही इस योजना का लाभ ले सकेंगे। खरीदे गए वाहन का पंजीयन भी नागरिक अपने गृह जिले के परिवहन कार्यालय में करा सकेंगे और वहीं का आरटीओ कोड प्राप्त होगा। इस एक्सपो में रायपुर जिले के 95 और अन्य जिलों के 171 डीलर्स सहित कुल 266 डीलर्स भाग ले रहे हैं, जिससे पूरे राज्य में समान रूप से सुविधा उपलब्ध होगी।
पिछले वर्ष का रिकॉर्ड और इस बार का लक्ष्य
गत वर्ष 2025 के ऑटो एक्सपो में 29,348 वाहनों की बिक्री हुई थी, जिससे आम जनता को लगभग 120 करोड़ रुपये की आरटीओ टैक्स छूट मिली और शासन को करीब 800 करोड़ रुपये का जीएसटी राजस्व प्राप्त हुआ था। RADA के प्रेसिडेंट रविंद्र भसीन ने कहा, “इस बार हमारा लक्ष्य 50 हजार वाहनों की बिक्री का है। डीलर्स और ग्राहकों के लिए अतिरिक्त सुविधाएं दी गई हैं। बाहर के डीलर्स के वाहनों का वेरिफिकेशन स्थानीय आरटीओ द्वारा ही किया जाएगा, जिससे किसी को वाहन रायपुर लाने की जरूरत नहीं होगी। टू-व्हीलर्स की बिक्री के लिए मिली सुविधाओं से इस बार लक्ष्य और बढ़ेगा।”
खबरें और भी…


