मौसम /स्वतंत्र छत्तीसगढ़
हाइलाइट :
- मोंथा चक्रवात का असर अब भी जारी, मौसम विभाग ने फिर दी चेतावनी।
- मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा और वज्रपात की संभावना।
- रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की भविष्यवाणी।
- अगले 24 घंटे में सिस्टम उत्तर की ओर बढ़ेगा और उत्तर छत्तीसगढ़ में सक्रिय रहेगा।
रायपुर: चक्रवात मोंथा का प्रभाव फिलहाल समाप्त नहीं हुआ है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना जताई है। वहीं, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात की भी चेतावनी जारी की गई है। विशेषज्ञों का कहना है कि वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः मध्य छत्तीसगढ़ में केंद्रित रहेगा, जबकि अगले 24 घंटे बाद यानी 1 नवंबर को इसका असर उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ जाएगा।
मोंथा चक्रवात का अवशेष अब पूर्वी विदर्भ और दक्षिण छत्तीसगढ़ के ऊपर एक निम्न दाब क्षेत्र के रूप में सक्रिय है, जो उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके साथ ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, यह सिस्टम अगले 24 घंटे में पूर्वी मध्यप्रदेश और उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ते हुए एक नए निम्न दाब क्षेत्र में परिवर्तित हो सकता है।
मौथा चक्रवात के प्रभाव से प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, बड़े बचेली में सर्वाधिक 6 सेमी, भोपालपटनम में 4 सेमी, कुसमी में 3 सेमी, जबकि कुटरू, गंगालूर, भैरमगढ़, दुर्गकोंदल और नारायणपुर में 2 सेमी बारिश हुई। इसके अलावा, औंधी, सामरी, कांसाबेल, उसूर, मानपुर, जगदलपुर, ओरछा, बिहारपुर, कुआकोडा, कटघोरा और बुलबुला में एक-एक सेमी वर्षा दर्ज की गई। राजधानी रायपुर में भी गुरुवार तड़के हल्की बारिश हुई, जिसके बाद पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे।
मौसम विभाग ने अगले 3 घंटों के लिए जशपुर, बलरामपुर और आसपास के जिलों में अलर्ट जारी किया है। यहां बिजली गिरने, बादल गरजने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। वहीं रायगढ़, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा मरवाही, सुरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में मध्यम वर्षा की संभावना जताई गई है।
राजधानी रायपुर में आज बादल छाने और हल्की बारिश की संभावना है। दिन का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
ख़बरें और भी…


