स्वतंत्र छत्तीसगढ़ डिजिटल डेस्क
रायपुर के टाटीबंध इलाके में शुक्रवार शाम एक भयावह घटना ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। रालास महिंद्रा शोरूम के सामने सर्विस रोड पर कई दिनों से खड़ी एक ब्लैक थार (वाहन क्रमांक CG 04 PX 6888) में से तेज दुर्गंध आने पर एक राहगीर ने अंदर झांककर देखा, तो 2 से 3 दिन पुरानी अर्धनग्न सड़ी-गली लाश दिखाई दी। उसने तुरंत आमानाका पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी को घेर लिया और जांच शुरू की। यह मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है, फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह वही थार है जो करीब 15 दिन पहले भिलाई-3 के पास दुर्घटनाग्रस्त हुई थी और हादसे के बाद इसे यहां छोड़ दिया गया था। गाड़ी की खिड़कियां और दरवाजे बंद नहीं थे, जिससे किसी के अंदर प्रवेश की संभावना बढ़ जाती है। इसी कारण यह संदेह गहरा हो गया है कि मामला आत्महत्या का है या हत्या के बाद शव गाड़ी में फेंका गया। कई दिनों तक बिना निगरानी के खड़ी गाड़ी को देखकर भी किसी ने संदेह नहीं जताया।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले को संदिग्ध मृत्यु के रूप में दर्ज कर लिया है। आसपास के CCTV फुटेज और गाड़ी के मालिक से संपर्क कर घटना की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। इस सनसनीखेज़ खुलासे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी को इस व्यक्ति के बारे में जानकारी हो तो तुरंत सूचना दें, ताकि रहस्य से भरी इस मौत की गुत्थी सुलझाई जा सके।
ख़बरें और भी…


