स्वतंत्र छत्तीसगढ़
रायगढ़: 22 सितम्बर 2025— छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोमवार से लागू हो रहे नए जीएसटी सुधारों (जीएसटी 2.0) की जमकर सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक रिफॉर्म करार दिया। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से न केवल अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी, बल्कि रोजगार सृजन और आम जनता की बचत क्षमता में भी बढ़ोतरी होगी।
सोमवार से लागू जीएसटी बदलावों के तहत 300 से अधिक वस्तुओं पर टैक्स में कमी की गई है। इससे रोजमर्रा के उपयोग की चीजें जैसे साबुन, टूथपेस्ट, टीवी और एसी सस्ते होंगे। किसानों के लिए भी बड़ी राहत दी गई है, क्योंकि ट्रैक्टर और कृषि उपकरणों पर टैक्स घटा दिया गया है।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा, “आज सोमवार से जीएसटी का शुभ मुहूर्त है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़े रिफॉर्म करते हुए देश की जनता को बड़ी राहत दी है। इसका सीधा फायदा हर परिवार को मिलेगा। त्योहारों के मौसम में सबका मुंह मीठा होगा।” अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलेगा बूस्ट, 300 से अधिक वस्तुएं हुईं सस्ती, किसानों को ट्रैक्टर व कृषि उपकरणों पर राहत, सिर्फ 5% और 18% के दो टैक्स स्लैब रहेंगे।, हर परिवार को होगी वार्षिक बचत।
इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को राष्ट्र को संबोधित करते हुए जीएसटी 2.0 को ‘बचत उत्सव’ का नाम दिया था। उन्होंने बताया कि इन सुधारों से देशवासियों को 2.5 लाख करोड़ रुपए की वार्षिक बचत होगी। अब केवल 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत के दो स्लैब रहेंगे, जिससे घी, पनीर, बटर, नमकीन, जैम, आइसक्रीम जैसी वस्तुएं भी सस्ती होंगी। एफएमसीजी कंपनियां जैसे हिंदुस्तान यूनिलीवर, आईटीसी और नेस्ले पहले ही उत्पादों के दाम घटाने का ऐलान कर चुकी हैं। इससे उपभोक्ताओं की परचेजिंग पावर बढ़ेगी और अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार मिलेगी।
चौधरी ने प्रधानमंत्री के आह्वान का समर्थन करते हुए कहा कि इस सुधार को “जीएसटी महोत्सव” के रूप में मनाना चाहिए। उन्होंने एमएसएमई और छोटे व्यापारियों को भी सरलीकृत अनुपालन का सीधा लाभ मिलने की बात कही।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com के व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238


