खेल/समाचार /स्वतंत्र छत्तीसगढ़
एशिया कप के ग्रुप-ए के छठे मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हराकर सुपर-4 में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन भारतीय गेंदबाजों के सामने उनकी पूरी टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 127 रन ही बना सकी।
भारत ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 16वें ओवर में 3 विकेट खोकर 128 रन बना लिए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन की पारी खेली, जबकि ओपनर अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने 31-31 रन का योगदान दिया। सूर्या और तिलक के बीच तीसरे विकेट के लिए 56 रनों की अहम साझेदारी रही। पाकिस्तान से सईम अयूब ने सभी 3 विकेट चटकाए।
इससे पहले पाकिस्तान की ओर से साहिबजादा फरहान ने 40 और शाहीन अफरीदी ने 33 रन बनाए। बाकी बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके। कुलदीप यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए, वहीं जसप्रीत बुमराह और अक्षर पटेल को 2-2 विकेट मिले। हार्दिक पंड्या और वरुण चक्रवर्ती को 1-1 सफलता मिली।
मैच के बाद भारतीय खिलाड़ियों ने पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया। टॉस के समय भी कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ नहीं मिलाया था।
इस जीत के साथ भारत अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गया है। टीम ने सुपर-4 में जगह बनाने की ओर मजबूत कदम बढ़ा दिया है। वहीं पाकिस्तान के लिए अब अगला मुकाबला करो या मरो का होगा, जिसमें उसे UAE के खिलाफ हर हाल में जीत दर्ज करनी होगी।
www.swatantrachhattisgarh.com


