स्वतंत्र छत्तीसगढ़ /नई दिल्ली :
कारोबारी अनिल अंबानी और उनकी कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशन (RCOM) एक बार फिर विवादों में आ गए हैं। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की शिकायत पर ₹2929 करोड़ के लोन फ्रॉड मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह मामला वर्ष 2012 से 2017 के बीच लिए गए टर्म और शॉर्ट-टर्म लोन के कथित दुरुपयोग से जुड़ा है।
SBI की शिकायत पर FIR
SBI मुंबई की शिकायत के आधार पर CBI ने अनिल अंबानी, रिलायंस कम्युनिकेशन लिमिटेड, कुछ अज्ञात सरकारी अधिकारियों और अन्य व्यक्तियों को आरोपी बनाया है। आरोप है कि कंपनी ने बैंकों से लिए गए कर्ज का गलत इस्तेमाल करते हुए बड़ी राशि आंतरिक कंपनियों में ट्रांसफर की, जिससे बैंक को भारी नुकसान उठाना पड़ा।
फॉरेंसिक ऑडिट में खुली पोल
2020 में BDO India LLP द्वारा की गई फॉरेंसिक ऑडिट रिपोर्ट में कई गड़बड़ियां सामने आई थीं। रिपोर्ट के अनुसार, 2013 से 2017 के बीच RCOM ने अपनी सहयोगी कंपनियों रिलायंस टेलीकॉम (RTL) और रिलायंस इन्फ्राटेल (RITL) को क्रमशः ₹783.77 करोड़ और ₹1435.24 करोड़ ट्रांसफर किए। यह रकम कई बार डमी कंपनियों और खातों के जरिए घुमाई गई ताकि हेराफेरी को छुपाया जा सके।
फर्जी अकाउंटिंग और दस्तावेजों के आरोप
FIR में कहा गया है कि कंपनी प्रबंधन और प्रमोटरों ने बहीखातों में हेरफेर कर धोखाधड़ी की। जांच में फर्जी बिक्री चालान, इंटर-कॉरपोरेट डिपॉजिट्स, गैर-वास्तविक कैपिटल एडवांस और काल्पनिक देनदारों के लेन-देन जैसी जानकारियां सामने आई हैं।
CBI की छापेमारी
CBI ने 23 अगस्त को अनिल अंबानी और RCOM से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस दौरान कई अहम दस्तावेज और डिजिटल सबूत जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि आगे पूछताछ और दस्तावेजों की जांच के बाद जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509
(विज्ञापन एवं न्यूज़ के लिए संपर्क :99934-54909)


