सुकमा: 26 अगस्त 2025,
नक्सल प्रभावित सुकमा जिले से बच्चों की जान से जुड़ा चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पाकेला पोटाकेबिन आवासीय स्कूल में 426 बच्चों के भोजन में फिनायल मिलाने की कोशिश की गई। हालांकि सतर्कता बरतते हुए समय रहते भोजन परोसने से पहले गंध आने पर यह घटना पकड़ में आ गई और बड़ी दुर्घटना टल गई। इस सनसनीखेज घटना पर अब छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार से जवाब तलब किया है। मुख्य न्यायाधीश रमेश कुमार सिन्हा और न्यायमूर्ति विभु दत्त गुरु की खंडपीठ ने इसे बेहद गंभीर मामला बताते हुए राज्य के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत हलफनामे के साथ जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं।
कोर्ट ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि “426 बच्चों के भोजन में फिनायल मिला था। अगर कोई दुर्घटना हो जाती तो हालात संभालना मुश्किल हो जाता। यह गंभीर लापरवाही है। आखिर ऐसा कैसे हो रहा है, क्या कोई ध्यान नहीं देता?”
दरअसल, 21 अगस्त की रात छिंदगढ़ इलाके के इस पोटाकेबिन स्कूल में रोजाना की तरह भोजन परोसने से पहले चखने की प्रक्रिया की गई। जैसे ही भोजन का स्वाद चखा गया, तेज गंध आने पर पता चला कि उसमें फिनायल मिला है। तुरंत भोजन रोक दिया गया। गनीमत रही कि समय रहते मामला पकड़ में आ गया।
घटना के बाद जिला कलेक्टर ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है। एसडीएम समेत अधिकारियों को 27 अगस्त तक रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। महाधिवक्ता प्रफुल्ल एन. भारत ने कोर्ट को बताया कि जिला प्रशासन ने इस संबंध में कार्रवाई शुरू कर दी है।
हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी स्कूलों में बच्चों का भोजन पूरी सावधानी से तैयार और परोसा जाए। मामले की अगली सुनवाई 17 सितंबर को होगी।
वेबसाईट- www.swatantrachhattisgarh.com व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक: https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ने के लिए लिंक: https://www.facebook.com/profile.php?id=61566212073238 यूट्यूब से जुड़ने के लिए लिंक : https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh whatsapp चैनल से जुड़ने के लिए लिंक :https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्विटर से जुड़ने के लिए लिंक: https://x.com/c35509


