रायपुर, 31 जुलाई 2025
राजधानी रायपुर के गुढियारी थाना क्षेत्र स्थित मुर्रा भट्टी इलाके में बुधवार देर रात धर्मांतरण की कोशिश को लेकर भारी बवाल मच गया। स्थानीय लोगों और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि एक निजी मकान में प्रार्थना सभा की आड़ में करीब 60 से 70 लोगों का धर्मांतरण कराने का प्रयास किया जा रहा था।
घटना भुनेश्वर यादव नामक व्यक्ति के मकान में हुई, जहां देर रात दर्जनों लोगों की मौजूदगी में एक प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया था। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली कि इस सभा में लोगों को बहला-फुसलाकर जबरन धर्मांतरण कराया जा रहा है। इसके बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा किया। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए गुढियारी थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मौके से पाँच लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, तथ्यों की पुष्टि के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर आक्रोश देखा गया। कुछ लोगों का कहना है कि ऐसे कार्यक्रमों के जरिए इलाके का माहौल बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है। दूसरी ओर, धर्मांतरण के आरोपों को लेकर प्रार्थना सभा के आयोजकों की ओर से अब तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कार्यक्रम की अनुमति ली गई थी या नहीं, और क्या धर्मांतरण से जुड़े आरोपों में कोई ठोस साक्ष्य मौजूद हैं।
खबरें और भी…


