कांकेर: 19 जुलाई 2025
देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग 30 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। केशकाल से कांकेर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार आतुर गांव के पास पुल से टकरा गई, जिससे कार में आग लग गई। हादसा इतना भीषण था कि कार में सवार छह में से चार लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए कांकेर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह हादसा रात करीब एक बजे हुआ। कार पुल से इतनी जोर से टकराई कि उसमें आग लग गई और कार सवारों को निकलने का मौका तक नहीं मिला। दो युवक गाड़ी से छिटककर बाहर गिर गए, जिससे उनकी जान बच गई लेकिन वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही कांकेर पुलिस, यातायात विभाग और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सुबह फरेंसिक टीम की मदद से जले हुए शवों को कार से बाहर निकाला गया।
जानकारी के मुताबिक, मृतक सभी केशकाल के ढोण्डरापाल गांव के रहने वाले थे और कांकेर में एक दोस्त को छोड़ने आए थे। वापसी के दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
व्हाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए लिंक:https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG


