राजधानी में 321 तक पहुंचा AQI, कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार; ठंड और पराली के धुएं ने बढ़ाई मुश्किलें, फिलहाल बारिश के आसार नहीं।
नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में वायु प्रदूषण ने एक बार फिर गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। दिवाली के बाद से लगातार बिगड़ रही हवा के कारण गुरुवार, 12 नवंबर को भी दिल्ली घने स्मॉग की चादर में लिपटी रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार सुबह 7 बजे राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 321 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में आता है। कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंचने से लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। सुबह के समय घनी धुंध के कारण दृश्यता भी प्रभावित हुई।
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने 6 नवंबर से दिल्ली-NCR में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तीसरे चरण की पाबंदियां लागू कर रखी हैं। इसके तहत धूल फैलाने वाले निर्माण कार्यों पर रोक, प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को तेज करने, सड़कों पर पानी का छिड़काव और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने जैसे कदम उठाए गए हैं। पांचवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए हाइब्रिड कक्षाओं और कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम की व्यवस्था संबंधी निर्देश भी शामिल हैं। इसके बावजूद प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल दिल्ली-NCR में बारिश की कोई तत्काल संभावना नहीं है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है, लेकिन इसका दिल्ली की हवा पर तत्काल राहत देने वाला असर दिखाई नहीं दे रहा है। पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं, गिरता तापमान और हवा की धीमी गति प्रदूषण बढ़ाने वाले प्रमुख कारक बने हुए हैं। ऐसे में राजधानीवासियों को फिलहाल जहरीली हवा से राहत मिलने की उम्मीद कम है। विशेषज्ञों ने लोगों को अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और प्रदूषण के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


