स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में प्रदेश के तीन नगरीय निकायों का चयन, लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर हासिल की उपलब्धि; सफाई मित्रों और नागरिकों की मेहनत को मिलेगा सम्मान।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के लिए स्वच्छता के क्षेत्र में एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए प्रदेश के तीन नगरीय निकाय रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा का चयन किया गया है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में इन निकायों को सम्मानित करेंगी। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित यह समारोह सुबह 11:30 बजे शुरू होगा। इसमें केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहेंगे।
समारोह में छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, सूडा के सीईओ सुमीत अग्रवाल सहित चयनित नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्वच्छता कर्मी शामिल होंगे। स्वच्छ सर्वेक्षण के दसवें संस्करण की थीम ‘स्वच्छता की नई पहल-बढ़ाएं हाथ, करें सफाई साथ’ रखी गई है। इसका उद्देश्य स्वच्छता को केवल सरकारी अभियान तक सीमित न रखते हुए जनभागीदारी और सामूहिक जिम्मेदारी से जोड़ना है। तीनों निकायों में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने में अधिकारियों, कर्मचारियों, सफाई मित्रों और आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
खास बात यह है कि रायपुर, बिलासपुर और बिल्हा ने लगातार दूसरे वर्ष राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपलब्धि दोहराई है। पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण संस्करण में भी इन तीनों नगरीय निकायों को राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया था। इस बार फिर चयन होना प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का संकेत है। राष्ट्रपति के हाथों मिलने वाला यह सम्मान केवल नगरीय निकायों की उपलब्धि नहीं, बल्कि उन सफाई मित्रों, स्वच्छता कर्मियों और नागरिकों के समर्पण का भी राष्ट्रीय सम्मान होगा, जिनकी भागीदारी से शहरों और कस्बों को स्वच्छ बनाने की मुहिम आगे बढ़ रही है।
ख़बरें और भी…
हमारे whatsapp ग्रुप से जुड़ें;https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG फेसबुक से जुड़ें;https://www.facebook.com/profile.php?id=61581539725954 यूट्यूब से जुड़ें; https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh व्हात्सप्प चैनल से जुड़ें; https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q ट्वीटर से जुड़ें; https://x.com/c35509


