गंभीर रूप से घायल युवती का रायपुर के डीकेएस अस्पताल में इलाज जारी, आधी रात विधायक संगीता सिन्हा ने अस्पताल पहुंचकर ली स्वास्थ्य की जानकारी
हेडलाइंस
- बालोद में युवती पर एसिड फेंकने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
- कोंडागांव में नाकाबंदी के दौरान बस से पकड़े गए युवक-युवती
- बालोद पुलिस की सूचना पर कोंडागांव पुलिस ने की कार्रवाई
- एसिड अटैक में गंभीर रूप से घायल युवती का डीकेएस अस्पताल में इलाज जारी
- विधायक संगीता सिन्हा आधी रात पीड़िता से मिलने अस्पताल पहुंचीं
- विधायक ने परिजनों को हरसंभव मदद का भरोसा दिया
- पुलिस आज मामले का विस्तृत खुलासा कर सकती है
बालोद। जिले में सोमवार को युवती पर एसिड फेंककर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने देर रात दो संदिग्ध आरोपियों को कोंडागांव से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक युवक और एक युवती शामिल हैं। घटना के बाद से पुलिस की कई टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी थीं।
जानकारी के अनुसार, एसिड हमले में युवती गंभीर रूप से झुलस गई थी। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे रायपुर के डीकेएस सुपरस्पेशलिटी अस्पताल रेफर किया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद बालोद पुलिस ने जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ाते हुए आसपास के जिलों की पुलिस से भी संपर्क किया था। बालोद पुलिस से संदिग्धों के बीजापुर की ओर भागने की सूचना मिलने के बाद कोंडागांव पुलिस ने नारायणपुर चौक के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान एक बस में बताए गए हुलिए के दो संदिग्ध मिले, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसके बाद बालोद पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए सूचना दी गई।
इधर संजारी बालोद विधायक संगीता सिन्हा देर रात रायपुर के डीकेएस अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने चिकित्सकों से पीड़िता की स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली और बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। विधायक ने बर्न वार्ड में भर्ती पीड़िता से मुलाकात कर उसका हौसला बढ़ाया और परिजनों को भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विधायक ने घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि बेटियों के साथ इस तरह की घटनाएं बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है और आरोपियों से पूछताछ के बाद एसिड हमले के पीछे की वजह तथा घटना में उनकी भूमिका को लेकर और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।


