रायपुर / छत्तीसगढ़
छत्तीसगढ़ में सुशासन की नई पहल, 24 घंटे मिलेगी शिकायत, सुझाव और फीडबैक दर्ज कराने की सुविधा
प्रमुख बिंदु
- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया
- 42 विभागों के 8 हजार अधिकारी शिकायतों का करेंगे निराकरण
- 1195 श्रेणियों में समयबद्ध समाधान की व्यवस्था
- व्हाट्सएप के माध्यम से भी दर्ज कराई जा सकेगी शिकायत
- 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगी सेवा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सुशासन को नई दिशा देते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मंत्रालय महानदी भवन में सीएम हेल्पलाइन 1076 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हेल्पलाइन के आधिकारिक लोगो का भी विमोचन किया। राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम में मंत्रिपरिषद के सदस्य, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जनता और सरकार के बीच बनेगा सीधा संवाद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक नागरिक की समस्या को सुनना और उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त शिकायतों, सुझावों और जनप्रतिसाद से यह महसूस किया गया कि जनता और शासन के बीच एक मजबूत एवं स्थायी संवाद तंत्र की आवश्यकता है। इसी सोच के साथ सीएम हेल्पलाइन 1076 को विकसित किया गया है।
एक कॉल पर दर्ज होगी शिकायत और सुझाव
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब प्रदेशवासी टोल फ्री नंबर 1076 पर कॉल कर अपनी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे, शासन की योजनाओं पर फीडबैक दे सकेंगे तथा विकास से जुड़े सुझाव भी साझा कर सकेंगे। इस प्रणाली के माध्यम से नागरिकों को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी और उनकी समस्याओं का समाधान निर्धारित समय-सीमा में किया जाएगा।
व्हाट्सएप से भी जुड़ी है नई व्यवस्था
डिजिटल युग की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सीएम हेल्पलाइन को व्हाट्सएप प्लेटफॉर्म से भी जोड़ा गया है। इससे नागरिक अपने मोबाइल फोन के माध्यम से आसानी से शिकायत दर्ज करा सकेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक आधारित यह व्यवस्था शासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और जनोन्मुखी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
42 विभाग और 8 हजार अधिकारी होंगे जिम्मेदार
सीएम हेल्पलाइन के तहत राज्य शासन के 42 विभागों के लगभग 8 हजार अधिकारियों को जोड़ा गया है। शिकायतों के समाधान के लिए 1195 अलग-अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। प्रत्येक शिकायत को एक यूनिक आईडी प्रदान की जाएगी, जिससे आवेदक अपनी शिकायत की स्थिति ऑनलाइन ट्रैक कर सकेगा। यदि शिकायतकर्ता समाधान से संतुष्ट नहीं होता है तो मामला स्वतः उच्च अधिकारियों के पास पुनः परीक्षण और जांच के लिए भेज दिया जाएगा।
24 घंटे सक्रिय रहेगा हेल्पलाइन सेंटर
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह हेल्पलाइन सेवा 24 घंटे और सप्ताह के सातों दिन संचालित रहेगी। इसके लिए तीन शिफ्टों में कर्मचारियों की तैनाती की गई है। सचिव स्तर के अधिकारी डैशबोर्ड के माध्यम से इसकी नियमित निगरानी करेंगे, जबकि मुख्यमंत्री सचिवालय द्वारा भी इसकी सतत मॉनिटरिंग की जाएगी ताकि शिकायतों का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जा सके।
जनभागीदारी को मिलेगा नया मंच
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सीएम हेल्पलाइन केवल शिकायत निवारण की व्यवस्था नहीं है, बल्कि यह जनभागीदारी को मजबूत करने का भी एक प्रभावी माध्यम है। नागरिक राज्य के विकास, योजनाओं और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े सुझाव भी इस मंच के जरिए साझा कर सकेंगे। इससे सरकार को बेहतर नीति निर्माण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मदद मिलेगी।
डिजिटल गवर्नेंस को मिलेगी मजबूती
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “नागरिक देवो भव” के मंत्र को आत्मसात करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार डिजिटल गवर्नेंस को लगातार मजबूत कर रही है। सीएम हेल्पलाइन 1076 शासन और जनता के बीच विश्वास, संवाद और जवाबदेही को नई मजबूती प्रदान करेगी तथा आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
खबरें और भी…
स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के व्हाट्सएप ग्रुप को ज्वाइन करना न भूलें।
https://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG


