बलौदाबाज़ार-भाटापारा
लगातार बारिश से महानदी खतरे के निशान से 4-5 फीट ऊपर बह रही है, प्रशासन ने लोगों से नदी और पुल पार नहीं करने की अपील की।
हेड लाइंस
लगातार बारिश से महानदी का जलस्तर तेजी से बढ़ा।
अमेठी घाट में आवागमन पूरी तरह बंद, प्रशासन सतर्क।
नागरिकों से नदी, एनीकट और पुलों से दूर रहने की अपील।
बलौदाबाज़ार-भाटापारा जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण महानदी सहित अन्य नदी-नालों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है। पलारी तहसील के अमेठी घाट में महानदी आज खतरे के निशान से लगभग 4 से 5 फीट ऊपर बह रही है। नदी के तेज बहाव और संभावित खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन अमेठी घाट में आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया है। प्रशासन की ओर से संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने और आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जलस्तर में लगातार वृद्धि को देखते हुए क्षेत्र में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी परिस्थिति में नदी, एनीकट, पुल या जलमग्न मार्गों को पार करने का प्रयास न करें। लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अनावश्यक जोखिम से बचने का आग्रह किया गया है। प्रशासन ने कहा है कि आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है। सुशासन सरकार जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लगातार स्थिति की निगरानी कर रही है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करने की सलाह भी दी गई है।
ख़बरें और भी…


