रायपुर / छत्तीसगढ़
गायत्री नगर से निकली भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की दिव्य रथयात्रा, ‘छेरा पहरा’ की ऐतिहासिक परंपरा का हुआ निर्वहन
● राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने निभाई ‘छेरा पहरा’ की पावन परंपरा
● हजारों श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा और जयघोष के साथ किया भगवान का स्वागत
● भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सेवा शिविरों ने बढ़ाई आयोजन की भव्यता
रायपुर। राजधानी रायपुर गुरुवार को भगवान श्री जगन्नाथ की भक्ति और सनातन आस्था में पूरी तरह सराबोर नजर आई। गायत्री नगर स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। “जय जगन्नाथ” के गगनभेदी जयघोष, शंखध्वनि, वैदिक मंत्रोच्चार और हरिनाम संकीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। हजारों श्रद्धालुओं ने रथयात्रा में शामिल होकर भगवान के दर्शन किए और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। रथयात्रा के शुभारंभ अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका एवं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की तथा स्वर्ण झाड़ू से रथ मार्ग की प्रतीकात्मक सफाई कर ‘छेरा पहरा’ की ऐतिहासिक परंपरा का निर्वहन किया।
रथयात्रा ने दिया सेवा और समरसता का संदेश
श्री जगन्नाथ मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष एवं रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा ने कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथयात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि सनातन संस्कृति, सेवा, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का महापर्व है। रथयात्रा गायत्री नगर स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर खम्हारडीह थाना, बीटीआई मैदान होते हुए मौसी मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों ने पुष्पवर्षा, आरती और भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान का स्वागत किया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बढ़ाई आयोजन की भव्यता
रथयात्रा के दौरान महिला मंडलों के भजन-कीर्तन, आकर्षक झांकियां, ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, झूमर, करमा और सुवा नृत्य ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। सुसज्जित रथों की दिव्यता और भक्तों की अपार आस्था ने राजधानी को आध्यात्मिक वातावरण से भर दिया। यात्रा मार्ग में पेयजल, चिकित्सा सहायता, विश्राम स्थल और महाप्रसाद वितरण की व्यापक व्यवस्था की गई। नगर निगम, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवकों के सहयोग से आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
मौसी मंदिर में हुआ महाआरती और महाप्रसाद वितरण
रथयात्रा के अंतिम पड़ाव पर भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के विग्रह मौसी मंदिर पहुंचे, जहां वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना, महाआरती और महाप्रसाद वितरण किया गया। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, राष्ट्र की समृद्धि और मानव कल्याण की कामना की। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, कुलदीप जुनेजा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और हजारों श्रद्धालु उपस्थित रहे।
ख़बरें और भी…
स्वतंत्र छत्तीसगढ़ के व्हाट्सऐप ग्रुप को ज्वाइन करना न भूलें:
http://chat.whatsapp.com/BbNFAy9gDg1E4s1kHkjJrG
फेसबुक से जुड़ें:
https://www.facebook.com/me
यूट्यूब से जुड़ें:
https://www.youtube.com/@swatantrachhattisgarh
व्हाट्सऐप चैनल से जुड़ें:
https://whatsapp.com/channel/0029VaSGTZ1Lo4hYCjY45G2q
ट्विटर (एक्स) से जुड़ें:
https://x.com/c35509


