रायपुर/छत्तीसगढ़
कीमतों में अचानक उछाल, आम आदमी की जेब पर सीधा असर
हाइलाइट्स
देशभर में पेट्रोल-डीजल के दाम में 3 रुपये की बढ़ोतरी
रायपुर में पेट्रोल 103 रुपये के पार, डीजल 96.55 रुपये तक पहुंचा
पेट्रोल पंपों पर सुबह से भारी भीड़
ट्रांसपोर्ट महंगा होने से बढ़ सकते हैं रोजमर्रा के सामान के दाम
पीएम मोदी ने पब्लिक ट्रांसपोर्ट और ई-व्हीकल अपनाने की अपील की
रायपुर: देशभर में पेट्रोल और डीजल के दाम में 3 रुपये की बढ़ोतरी का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में पेट्रोल का दाम 100.45 रुपये से बढ़कर 103 रुपये के पार पहुंच गया है, जबकि डीजल 93.39 रुपये से बढ़कर 96.55 रुपये प्रति लीटर हो गया है। कीमतों में इस अचानक बढ़ोतरी से लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
पंपों पर सुबह से उमड़ी भीड़
कीमतों में बढ़ोतरी की खबर मिलते ही रायपुर के पेट्रोल पंपों पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। बड़ी संख्या में वाहन चालक सुबह-सुबह ही अपने वाहनों में पेट्रोल और डीजल भरवाने पहुंचे। कई जगहों पर लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई।
आम आदमी पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का असर केवल वाहन चालकों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसका व्यापक प्रभाव आम जनता पर पड़ेगा। ट्रांसपोर्ट महंगा होने से रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में भी इजाफा हो सकता है। इससे महंगाई बढ़ेगी और आम आदमी का बजट बिगड़ सकता है।
वैश्विक कारण और सरकार की अपील
विशेषज्ञों के मुताबिक खाड़ी देशों में चल रहे तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी इसका मुख्य कारण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से अपील की है कि वे पेट्रोल-डीजल का कम से कम उपयोग करें और पब्लिक ट्रांसपोर्ट व ई-व्हीकल को अपनाएं। छत्तीसगढ़ में भी इस अपील का असर दिख रहा है, जहां मंत्री और विधायक अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या घटा रहे हैं।
खबरें और भी…


