बालोद / छत्तीसगढ़
हाइलाइट :
- खेत में एक ही पेड़ से लटके मिले महिला और युवक के शव
- ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
- दोनों एक ही गांव के निवासी, रिश्ते की आशंका
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगा कारण
बालोद : बालोद जिले से रविवार सुबह एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया। बलोद थाना क्षेत्र के एक खेत में एक महिला और एक युवक का शव एक ही पेड़ पर फंदे से लटका हुआ मिला। सुबह खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों की नजर जब इन शवों पर पड़ी तो तुरंत गांव में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, शुरू हुई जांच
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को फंदे से नीचे उतारकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान 40 वर्षीय संतोषी यादव और 25 वर्षीय थलेश खरांशु के रूप में हुई है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है ताकि घटना की असल वजह सामने आ सके।
एक ही गांव के निवासी, रिश्ते की चर्चा
जानकारी के अनुसार दोनों मृतक अर्जुन्दा थाना क्षेत्र के गबदी गांव के रहने वाले थे। महिला शादीशुदा थी और उसका 19 साल का बेटा भी है। ऐसे में इस घटना ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों के बीच दोनों के बीच किसी रिश्ते की चर्चा भी सामने आ रही है, जिसे पुलिस जांच का हिस्सा बना रही है।
परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ जारी
पुलिस ने परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। घटनास्थल और परिस्थितियों को देखते हुए यह मामला संवेदनशील माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण छिपा है।
इलाके में शोक और चर्चा का माहौल
इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और चर्चा का माहौल है। एक ही पेड़ पर दो लोगों के शव मिलने से लोग स्तब्ध हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों से बचने और जांच में सहयोग करने की अपील की है।
यह भी पढ़ें; यूथ फेस्ट-2026: सौरभ द्विवेदी का संदेश—फिट रहें, सकारात्मक सोचें और परिवार के साथ आगे बढ़ें…


