सूरजपुर/छत्तीसगढ़ /अजय लाल
मुख्य बातें :
▣ सार्वजनिक मार्ग पर गाड़ियाँ खड़ी कर मनाया जा रहा था जन्मदिन
▣ खतरनाक तरीके से की गई आतिशबाजी से यातायात प्रभावित
▣ 2 चारपहिया वाहन जब्त, विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज
सार्वजनिक मार्ग पर लापरवाही, आमजन को हुई परेशानी
सूरजपुर। अम्बिकापुर-बनारस मुख्य मार्ग पर सोनवाही स्थित आरव रेस्टोरेंट के सामने 16 फरवरी 2026 की रात लगभग 10 से 11 बजे के बीच जन्मदिन समारोह मनाना सात युवकों के लिए भारी पड़ गया। आरोप है कि युवकों ने सड़क के बीच वाहन खड़े कर यातायात बाधित किया और सार्वजनिक स्थान पर आतिशबाजी की। इस लापरवाही से राहगीरों और वाहन चालकों को काफी असुविधा हुई। मामले में चौकी लटोरी, थाना जयनगर पुलिस ने अपराध क्रमांक 54/2026 के तहत धारा 285 एवं 126(2) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया था।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दो टीमें गठित
घटना को गंभीरता से लेते हुए सूरजपुर के डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देशन में आरोपियों की धरपकड़ के लिए दो पुलिस टीमें गठित की गईं। तकनीकी सहायता और मुखबिर सूचना के आधार पर विभिन्न संभावित स्थानों पर दबिश दी गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने अमितेश गुप्ता उर्फ जानू (24), अंशुल अग्रवाल (25), प्रथम अग्रवाल (24), शुभम अग्रवाल (23), महेश साहू (27), निखिल रामा (26) एवं अरुण देवांगन (39) को गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपी अम्बिकापुर एवं आसपास के क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
अतिरिक्त धाराएं जोड़ी गईं, वाहन जब्त
जांच के दौरान पाया गया कि आरोपियों ने सार्वजनिक स्थान पर खतरनाक तरीके से बाधा उत्पन्न की तथा पटाखे फोड़कर संभावित दुर्घटना की स्थिति निर्मित की। इस आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 287, 288 तथा मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 एवं 201 भी प्रकरण में जोड़ी गईं। पुलिस ने दो चारपहिया वाहनों को जब्त किया है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी लटोरी अरुण गुप्ता सहित पुलिस व साइबर सेल की टीम सक्रिय रही। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सार्वजनिक मार्गों पर इस प्रकार के कृत्य न केवल कानूनन अपराध हैं, बल्कि जनसुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा उत्पन्न करते हैं।
ख़बरें और भी…


