स्वतंत्र छत्तीसगढ़ डिजिटल डेस्क
रायपुर: छत्तीसगढ़ में 12वीं पास करने वाली छात्राओं के लिए बड़ी सुविधा की घोषणा की गई है। अब राजधानी रायपुर के शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में बी-फार्मेसी का कोर्स फ्री में संचालित किया जाएगा। इस सत्र से शुरू हो रहे इस पाठ्यक्रम के लिए 60 सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। इस कोर्स में दाखिला लेने वाली छात्राओं को निजी कॉलेजों की तुलना में कम खर्च में पढ़ाई का अवसर मिलेगा।
कोर्स के दौरान छात्राओं को स्वास्थ्य, औषधि विज्ञान और फार्मास्युटिकल्स उद्योग में रोजगार के उत्कृष्ट अवसर मिलेंगे। इसके साथ ही छात्राओं को छात्रावृत्ति की भी सुविधा दी जाएगी। बताया गया है कि इस कोर्स को फार्मेसी काउंसिल ऑफ इंडिया, नई दिल्ली से मान्यता प्राप्त है। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज में पहले से ही डी-फार्मेसी कोर्स संचालित हो रहा है। यह महिला पॉलिटेक्निक प्रदेश का पहला कॉलेज है, जो बी-फार्मेसी कोर्स विशेष रूप से महिला छात्रों के लिए शुरू कर रहा है।
प्रदेश में अब तक छात्राओं को बी-फार्मेसी की पढ़ाई के लिए निजी कॉलेजों में महंगे शुल्क का सामना करना पड़ता था। इच्छुक छात्राएं अधिक जानकारी के लिए कॉलेज के प्राचार्य से संपर्क कर सकती हैं या फोन नंबर 0771-2423045 पर कॉल कर सकती हैं। इसके अलावा जानकारी के लिए ई-मेल principal.ggpraipur@gmail.com पर भी संपर्क किया जा सकता है।
ख़बरें और भी…


