स्वतंत्र छत्तीसगढ़ डिजिटल डेस्क
दुर्ग, 17 अक्टूबर 2025।
छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय (CSVTU), भिलाई के तत्वावधान में आयोजित राज्यस्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में इस बार दुर्ग जोन का प्रदर्शन शानदार रहा। 13 से 15 अक्टूबर तक शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, अंबिकापुर में हुई इस स्पर्धा में बीआईटी दुर्ग और शासकीय पॉलिटेक्निक दुर्ग ने अपने-अपने वर्ग में विजेता का खिताब अपने नाम किया।
इस प्रतियोगिता में राज्यभर के तकनीकी संस्थानों की 22 पुरुष टीमों और 9 महिला टीमों ने भाग लिया। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उम्दा खेल भावना और टीमवर्क का प्रदर्शन किया।
महिला वर्ग में शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय, दुर्ग ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, रायपुर द्वितीय स्थान पर रहा। वहीं, पुरुष वर्ग में बीआईटी दुर्ग की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की और रूंगटा फार्मेसी कॉलेज, भिलाई (R1) उपविजेता रही।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. अरुण अरोड़ा ने विजेता और प्रतिभागी टीमों को बधाई देते हुए कहा कि “तकनीकी शिक्षा के साथ खेलकूद का संयोजन विद्यार्थियों में टीम भावना, एकाग्रता और नेतृत्व क्षमता को विकसित करता है।”
प्रतियोगिता का सफल आयोजन शासकीय पॉलिटेक्निक अंबिकापुर द्वारा किया गया। नोडल संस्थान के प्राचार्य प्रो. आर.जे. पांडेय ने समापन समारोह में विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए और खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना की।
खबरें और भी…


